31 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, 1 फरवरी को आम बजट पेश करेगी वित्तमंत्री

अवकाश के साथ बजाय सत्र 6 अप्रैल 2023 तक चलेगा बजट सत्र के दौरान 14 फरवरी से 12 मार्च तक अवकाश रहेगा।

Updated: Jan 13, 2023, 07:59 AM IST

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र 2023 आगामी 31 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में कुल 66 दिनों में 27 बैठकें होनी हैं। अवकाश के साथ यह सत्र 6 अप्रैल 2023 तक चलेगा। सत्र की शुरुआत लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र से होगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू दोनों सदनों को संबोधित करेंगी।

जानकारी के मुताबिक, बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में इकोनॉमिक सर्वे को पेश किया जाएगा। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि अमृत काल के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, केंद्रीय बजट और अन्य मदों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं। 

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में होगा शरद यादव का अंतिम संस्कार, राहुल गांधी ने उनकी बेटी को गले लगाकर बंधाया ढांढस

उन्होंने बताया कि बजट सत्र 2023 के दौरान अवकाश 14 फरवरी से 12 मार्च तक रहेगा, ताकि विभाग संबंधित संसदीय स्थायी समितियां अनुदान मांगों की जांच कर सकें और अपने मंत्रालयों और विभागों से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर सकें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कार्यवाही 6 अप्रैल तक चलेगी और इस दौरान 27 बैठकें आयोजित की जाएंगी। ये सत्र लगभग 66 दिनों का होगा।

उल्लेखनीय है कि इस बार भी बजट से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। जहां नौकरीपेशा लोग एक बार आयकर छूट सीमा में कटौती की उम्मीद कर रहे हैं वहीं व्यापारी वर्ग की अपनी मांगें हैं। व्यापारी वर्ग कई उत्पादों में जीएसटी कम करने की आश लगाए बैठा है। बहरहाल, अब देखना होगा कि बजट में आम लोगों के लिए क्या खास है।