मुंबई के वसई में चार मंजिला बिल्डिंग का पिछला हिस्सा ढहा, मलबे में दबने से 2 की मौत

11 लोगों को एनडीआरएफ की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Publish: Aug 27, 2025, 12:49 PM IST

Photo Courtesy: Jagran
Photo Courtesy: Jagran

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित वसई क्षेत्र में इमारत का पिछला हिस्सा ढहने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा नारंगी रोड के पास बनी रमाबाई अपार्टमेंट में हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हुई है जबकि कई लोग मलबे में दबने के कारण घायल है। वहीं 11 लोगों को एनडीआरएफ की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। 

वसई-विरार नगर निगम के अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ की टीमों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल रमाबाई अपार्टमेंट की चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा कल देर रात ढह गया था। यह इलाका मुंबई सबअर्बन का हिस्सा है, लेकिन पालघर जिले के अंदर आता है। 

यह भी पढ़ें: वैष्णो देवी लैंडस्लाइड में अबतक 31 लोगों की मौत, 23 घायल और कई अब भी लापता

पालघर पुलिस ने बताया कि वसई-विरार नगर निगम के, अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ की दो टीमों की मदद से बचाव कार्य जारी है। अब तक 11 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें विरार और नाला सोपारा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं कई लोग अब भी लापता है, जिसके लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।