मोदी जी के विकसित भारत की सच्चाई, गरीब और मध्यम वर्ग का जीना हुआ मुहाल: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि मोदी जी के विकसित भारत की सच्चाई: मेहनत आपकी, मुनाफा किसका? आप सभी के खून पसीने से देश की अर्थव्यवस्था का पहिया घूम रहा है, लेकिन क्या आपको इसमें उचित हिस्सा मिल रहा है?

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था के विभिन्न सूचकांकों का हवाला देते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि जब सबकी मेहनत से अर्थव्यवस्था का पहिया घूम रहा है तो क्या उसमें आम लोगों को उनकी उचित हिस्सेदारी मिल पा रही है?
उन्होंने दावा किया कि हानिकारक जीएसटी और आयकर की मार ने ग़रीब और मध्यम वर्ग का जीना हराम कर रखा है, जबकि कॉर्पोरेट घरानों का कर्जा माफ किया जा रहा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया, 'मोदी जी के विकसित भारत की सच्चाई: मेहनत आपकी, मुनाफा किसका? आप सभी के खून पसीने से देश की अर्थव्यवस्था का पहिया घूम रहा है, लेकिन क्या आपको इसमें उचित हिस्सा मिल रहा है? जरा सोचिए।'
यह भी पढे़ं: मेट्रो स्टेशन के नीचे सोने को मजबूर हैं मरीज, AIIMS में असुविधाओं को लेकर राहुल गांधी का जेपी नड्डा और आतिशी को पत्र
राहुल गांधी ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी 60 साल के सबसे निचले स्तर तक चली गई तथा इस वजह से लोगों को रोज़गार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ग़लत नीतियों ने किसान और खेत मजदूर की स्थिति बदहाल कर दी है। वे मुश्किल से अपना गुज़ारा कर पा रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में श्रमिकों की वास्तविक आमदनी या तो स्थिर है या कम हुई है।
राहुल गांधी ने कहा कि हानिकारक जीएसटी और आयकर की मार ने ग़रीब और मध्य वर्ग का जीना हराम कर रखा है, जबकि कॉर्पोरेट का कर्ज़ा माफ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आसमान छूती महंगाई के कारण अब न सिर्फ़ ग़रीब बल्कि वेतनभोगी वर्ग भी अपनी ज़रूरतों के लिए कर्ज लेने को मजबूर है।
राहुल गांधी ने कहा कि वास्तविक विकास वह है जहां सबकी उन्नति हो - व्यवसाय के लिए निष्पक्ष माहौल मिले, उचित कर व्यवस्था हो और श्रमिकों की आमदनी बढ़े। इससे ही देश समृद्ध और मजबूत बनेगा।