भगवान को लूट रहे हैं, ये चोर-डाकू से भी ऊपर, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भड़के मुकेश खन्ना
एक्टर मुकेश खन्ना का कहना है कि मंदिर में चोरी करने वाले चोर, डाकू या किसी बेइमान से भी ऊपर हैं। उन्होंने अपील की है कि भक्तों को मंदिर में चढ़ावा देना ही बंद कर देना चाहिए।
अयोध्या। राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बीजेपी और RSS की चौतरफा फजीहत हो रही है। इस घटना को लेकर देशभर में रामभक्तों में आक्रोश है। राम मंदिर से आभूषण और नगदी चोरी के मामले को लेकर मशहूर एक्टर मुकेश खन्ना ने भी मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी करने वाले चोर, डाकू या किसी बेइमान से भी ऊपर हैं। उन्होंने अपील की है कि भक्तों को मंदिर में चढ़ावा देना ही बंद कर देना चाहिए।
मुकेश खन्ना ने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से लिखा है, ‘क्या आप जानते हैं, मंदिरों में आपका नकदी चढ़ावा, भगवान तक नहीं पहुंचता। बीच में कहीं खो जाता है। लूट मची पड़ी है। कहावत है ना, लूट सके तो लूट। और लूटने वाले यहां भरे पड़े हैं। मैंने एक बार कहा था- भरे पड़े हैं चोर, डाकू और बेईमान, फिर भी मेरा देश है महान। लेकिन इन चढ़ावा लूटने वालों को मैं क्या नाम दूं? चोर, डाकू या बेईमान? इनमें से कोई नहीं। क्योंकि ये इन सबसे ऊपर हैं। ये भक्तों को ही नहीं, भगवान को भी लूट रहे हैं।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं सिर्फ भक्तों को सलाह दूंगा कि- ना रहेगा बांस,ना बजेगी बांसुरी, वैसे ही- ना चढ़ेगा चढ़ावा, ना होगा घोटाला। सो चढ़ावा चढ़ाना बंद कीजिए। खास तौर पर पैसों और गहनों का। भगवान खुश होंगे।’ बता दें कि राम मंदिर में करोड़ों की चोरी का मामला उजागर होने के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, SIT की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा।




