यह नरेंद्र मोदी की राजनैतिक और नैतिक हार है, चुनाव नतीजों पर बोले मल्लिकार्जुन खड़गे
हम सबको आनेवाले दिनों में इसी तरह लोगों के अधिकारों के लिए, संविधान की रक्षा के लिए, देश की तरक़्क़ी के लिए, सीमाओं पर सुरक्षा के लिए लड़ते रहना होगा: मल्लिकार्जुन खड़गे

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि ये जनता की जीत है। ये नरेंद्र मोदी की राजनैतिक और नैतिक हार है।
खड़गे ने अपने संबोधन में कहा, '18वीं लोक सभा के चुनाव में हम विनम्रता से जनमत को स्वीकार करते हैं। ये जनता की जीत है। ये लोकतंत्र की जीत है। इस बार जनता ने किसी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं दिया। ख़ासकर सत्ताधारी दल, भाजपा ने एक व्यक्ति- एक चेहरे के नाम पर वोट माँगा था। अब यह स्पष्ट हो गया है कि यह mandate मोदीजी के ख़िलाफ़ है। यह उनकी राजनैतिक और नैतिक हार है।'
खड़गे ने आगे कहा, 'आप जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी और हमारे इंडिया गठबंधन ने बहुत प्रतिकूल माहौल में चुनाव लड़ा। सरकारी मशनरी ने कदम कदम पर अवरोध डाला। बैंक खाते सीज करने से लेकर तमाम नेताओं के खिलाफ अभियान चला। फिर भी शुरू से आखिर तक कांग्रेस पार्टी का Campaign सकारात्मक था- positive था। हमने महँगाई, बेरोज़गारी, किसानों और मजदूरों की बदहाली, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग जैसे विषयों को केंद्रीय मुद्दा बनाया। इन मुद्दों पर बड़ी संख्या में लोग हमसे जुड़े, हमारा समर्थन किया। प्रधानमंत्रीजी ने जिस तरह का कैंपेन किया, वो इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में मोदीजी ने जो झूठ फैलाया, जनता ने उसे समझ लिया।'
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, 'मैं इस मौके पर कहना चाहूंगा कि राहुल गांधी जी की दोनों यात्राओं - भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान लाखों-करोड़ों लोगों को मिलना, लोगों की समस्याओं को सुनना, और आगे चलकर उन समस्याओं का हल ढूँढना, हमारे कैंपेन का आधार बना। हमने इसी को 5 न्याय और 25 गारंटी का नाम दिया। इसी के आधार पर हमने गारंटी कार्ड बनाया। हमारे कार्यकर्ता उसे लेकर घर-घर गए।'
उन्होंने आगे कहा, 'इसके अलावा जो एक महत्वपूर्ण बात हुई वो भाजपा नेतृत्व की अहंकार की वजह से हुई। उन्होंने धीरे-धीरे सारे सांविधानिक संस्थाओं के ऊपर ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से क़ब्ज़ा करने की कोशिश की। फिर इनका उपयोग विरोधी दल के ख़िलाफ़ करने लगे। जो दब गया, उसे दबा के अपने तरफ़ कर लिया। जो नहीं दबे उसकी पार्टी को तोड़ दिया नहीं तो फिर जेल में डाल दिया। लोगों को ये विश्वास हो गया था कि मोदीजी को एक मौक़ा और मिला तो अगला हमला संविधान पर होगा। लोगों को इसके प्रमाण नए संसद सत्र के साथ ही दिखेगा। ख़ुशी इस बात की है कि भाजपा इस षड्यंत्र में अब सफल नहीं हो पाएगी।'
खड़गे ने कहा, 'मैं INDIA गठबंधन के अपने सभी साथियों और शुभचिंतकों का धन्यवाद करता हूँ। सभी एक साथ मिलकर एक स्वर में रहे। सभी ने मिलकर प्रचार किया और एक दूसरे की मदद की। हमारे हज़ारों - लाखों कार्यकर्ताओं ने अच्छे तालमेल के साथ काम किया। आप सभी का धन्यवाद! अभी हमारी लड़ाई अंजाम तक नहीं पहुंची है। हम सबको आनेवाले दिनों में इसी तरह लोगों के अधिकारों के लिए, संविधान की रक्षा के लिए, देश की तरक़्क़ी के लिए, सीमाओं पर सुरक्षा के लिए लड़ते रहना होगा। हमें सुनिश्चित करना होगा कि संसद सुचारू रूप से चले। विपक्ष के मुद्दों को प्राथमिकता मिले। संसद में उनपर बहस होने हो। आनेवाले दिन महत्वपूर्ण होंगे।'
इंडिया गठबंधन के सरकार बनाने को लेकर एक सवाल के जवाब में खड़गे ने कहा कि हम अपने एलायंस पार्टनर्स से बात किए बगैर कुछ नहीं कह सकते। साथ ही नए एलायंस पार्टनर जो जुड़ने वाले हैं उनसे भी बात करके देखेंगे। सारे स्ट्रेटजी यहीं बता देंगे तो मोदी जी सतर्क हो जाएंगे।