शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी, 1100 अंक चढ़ा सेंसेक्स, ऑटो और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा उछाल
सेंसेक्स 1100 अंक चढ़कर 81,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 380 अंक की तेजी है, ये 24,950 के स्तर पर है।

मुंबई। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार, 18 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 1100 अंक (+1.4%) चढ़कर 81,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 380 अंक (1.5%) की तेजी है, ये 24,950 के स्तर पर है।
सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयरों में तेजी और 5 में गिरावट है। मारुति सुजुकी के शेयर में 7.5% और बजाजा फाइनेंस में 6% की तेजी है। अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, M&M 5% चढ़े हैं। निफ्टी के 50 में से 45 शेयरों में तेजी है। NSE के सभी इंडेक्स में बढ़त है। ऑटो में 4.5%, फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.11% रियल्टी में 2.3%, मेटल 1.7% और प्राइवेट बैंक में 1.60% की तेजी है।
दरअसल, सरकार GST2.0 लाने जा रही है। इससे रोजमर्रा की चीजों पर टैक्स कम होगा और कीमतों में 10% तक की कमी आ सकती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि सरकार GST स्लैब में बड़ा बदलाव करेगी। अभी 4 टैक्स स्लैब 5%, 12%, 18% और 28% हैं। सुधार के बाद दो 5% और 18% ही रहेंगे। इससे 12% GST के दायरे में आने वाली मक्खन, फ्रूट जूस, ड्राय फ्रूट्स जैसी 99% वस्तुएं 5% के दायरे में आ जाएंगी। इसे लेकर शेयर बाजार में रौनक बढ़ी है।
इसके साथ ही ग्लोबल रेटिंग एजेंसी S&P ने भारत की लॉन्ग-टर्म क्रेडिट रेटिंग को BBB- से बढ़ाकर BBB कर दिया है। वहीं शॉर्ट-टर्म रेटिंग को भी A-3 से बढ़ाकर A-2 कर दिया। वहीं इंडियन इकोनॉमी को लेकर आउटलुक स्टेबल रखा गया है। S&P का कहना है कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.87% ऊपर 43,757 पर और कोरिया का कोस्पी 1.23% नीचे 3,185 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.42% ऊपर 25,375 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.18% ऊपर 3,740 पर कारोबार कर रहा है।