मणिपुर मामले पर सड़क से संसद तक हंगामा, दोनों सदन स्थगित, जंतर-मंतर पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

संसद के दोनों सदनों में सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही, जिसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी है। मणिपुर हिंसा और मणिपुर की दो महिलाओं के वीडियो को लेकर राज्यसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ।

Updated: Jul 20, 2023, 01:21 PM IST

नई दिल्ली। मणिपुर के शर्मनाक वीडियो सामने आने के बाद देश में सड़क से लेकर संसद तक हंगामा हो रहा है। विपक्षी सांसदों ने संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया और मणिपुर मामले पर चर्चा की मांग की। हालांकि, केंद्र की मोदी सरकार चर्चा करने से बचती नजर आई। ऐसे में हंगामे के बीच संसद के दोनों सदन लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने सभी सांसदों से जनहित में सदन में कार्यवाही चलाने की बात कही थी। विपक्ष ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर में हो रही हिंसा पर संसद में एक बयान दें। हालांकि, पीएम मोदी बयान देने से बचते नज़र आए।

उधर, मणिपुर की घटना और स्थिति को लेकर महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफे की मांग की।

देश के पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम ने भी सीएम बीरेन सिंह को पद से हटाने की मांग की है। चिदंबरम ने पीएम मोदी से कहा कि मणिपुर की बीरेन सिंह सरकार को तत्काल बर्खास्त कर मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।