हिंसा से कुछ नहीं होने वाला, हमें शांति की ओर चलने की ज़रूरत है, मणिपुर के लोगों से राहुल गांधी की अपील

मैं मणिपुर के लोगों का दर्द साझा करता हूं। यह एक भयानक त्रासदी है। यह मणिपुर के सभी लोगों और भारत के लोगों के लिए भी अत्यंत दुखद और दर्दनाक है: राहुल गांधी

Updated: Jun 30, 2023, 07:33 PM IST

इंफाल। हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी ने प्रदेशवासियों से शांति की अपील की। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को कहा कि हिंसा से कुछ नहीं होने वाला। मणिपुर को शांति की जरूरत है। उन्होंने इस दौरान राहत शिविरों का हालात बयां करते हुए कहा कि वहां दवाओं और अन्य जरूरी चीजों की भारी कमी है। 

हिंसा प्रभावित मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को राजभवन में राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात की। उनके साथ कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और कई पूर्वोत्तर राज्यों के एआईसीसी प्रभारी अजॉय कुमार भी मौजूद थे। राज्यपाल से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि वह और उनकी पार्टी राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। 

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, 'हिंसा से कोई नतीजा नहीं निकलेगा। शांति ही आगे बढ़ने का रास्ता है और हर किसी को अब शांति के बारे में बात करनी चाहिए और उसकी ओर बढ़ना शुरू करना चाहिए। मैं राज्य में शांति लाने के लिए हर संभव मदद करूंगा। मैं मणिपुर के सभी लोगों से प्यार करता हूं। मैंने सभी लोगों, सभी समुदायों और नेताओं से मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने की अपील की है। सरकार को भी इस भीषण संकट से उबरने के लिए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'मैं मणिपुर के लोगों का दर्द साझा करता हूं। यह एक भयानक त्रासदी है। यह मणिपुर के सभी लोगों और भारत के लोगों के लिए भी अत्यंत दुखद और दर्दनाक है। मैं शिविरों में गया और सभी समुदायों के लोगों से मिला। एक बात जो मैं सरकार से कहूंगा वह यह कि शिविरों में बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। खानेपीने की चीजें और दवाओं की आपूर्ति की जानी चाहिए। शिविरों से ऐसी शिकायतें आई हैं।'