जो मेरा शक था वही हुआ, बिहार में अप्रत्याशित चुनाव परिणाम पर बोले दिग्विजय सिंह

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बिहार चुनाव में जीत की बधाई दी है। उन्होंने ECI को भाजपा का सबसे अच्छा सहयोगी करार दिया है।

Updated: Nov 14, 2025, 02:44 PM IST

नई दिल्ली। बिहार चुनाव के रुझान आने के साथ ही राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। इस बार राज्य के चुनाव परिणाम बेहद अप्रत्याशित और चौंकाने वाले हैं। इसे कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की मिलीभगत का नतीजा करार दिया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि जो मेरा शक था वही हुआ। वहीं भूपेश बघेल ने भाजपा की इस जीत के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बधाई दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि जो मेरा शक था वही हुआ। 62 लाख वोट कटे और 20 लाख वोट जुड़े। उसमें से 5 लाख वोट बिना SIR फॉर्म भरे बढ़ा दिए गए। सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकांश वोट गरीब वर्ग के दलितों और अल्पसंख्यकों के वोट काटे गए। सिंह ने कहा कि उस पर EVM पर तो शंका बनी हुई ही है। 

राज्यसभा सांसद सिंह ने इसके साथ ही दो दिन पूर्व का अपना बयान भी साझा किया है। इसमें वे कहते हैं कि मैंने बिहार प्रवास के दौरान महसूस किया कि वहां बराबरी की लड़ाई है। लेकिन जिस तरह से एग्जिट पोल्स आ रहे हैं और यदि एनडीए 140 सीट से ज्यादा लाने में सफल होती है तो स्पष्ट है कि मैनिपुलेशन हुआ है।

बिहार चुनाव के नतीजों पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्विटर पर चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए चुनाव आयुक्त को बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बिहार चुनाव में जीत की बधाई। आपने बहुत मेहनत की, 64 लाख मतदाताओं के वोट काटे, 16 लाख नए मतदाताओं ने आवेदन किया, आपने 21 लाख वोट जोड़ दिए। धांधली पर धांधली, बेहिसाब धांधली, भाजपा को आपसे अच्छा सहयोगी नहीं मिल सकता।'

बता दें कि बिहार चुनाव नतीजों के रुझानों में एनडीए को भारी बहुमत मिलता नजर आ रहा है। कुछ ही देर में नतीजों की स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी। रुझानों के बाद पटना में जदयू के कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थक इकट्ठा हो गए हैं। रुझानों के मुताबिक एनडीए ने बहुमत के आंकड़े को पार करके 198 सीटों पर बढ़त बना रखी है।