लोकतंत्र को जिंदा रखने में यादव समाज की भूमिका अहम, हम भगवान श्रीकृष्ण के वंशज: CM मोहन यादव

पटना पहुंचे मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, यदुवंश और भगवान श्रीकृष्ण पर केंद्रित रखा भाषण, कहा- श्रीकृष्ण ने लोकतंत्र की रक्षा की थी, लोकतंत्र को जिंदा रखने में यादव समाज की भूमिका अहम है।

Updated: Jan 18, 2024, 06:18 PM IST

पटना/भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित श्रीकृष्ण चेतना विचार मंच के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपना संबोधन यदुवंश और भगवान श्रीकृष्ण पर केंद्रित रखा। 

मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा, 'मैं बाबा महाकाल की नगरी से आता हूं। हम लोगों का रिश्ता शब्दों से ज्यादा भाव का है। माता सीता की जन्मस्थली पर आकर हाथ जोड़कर आप सभी का प्रणाम करता हूं। बिहार के इस पवित्र धरती को प्रणाम करता हूं। मैं आपको बार-बार प्रणाम करता हूं।लोकतंत्र को सच्चे अर्थ में जिंदा रखने में आपकी बड़ी भूमिका है। हम अपनी भूमिका को समझते हैं।'

मोहन यादव ने कहा कि बिहार के नाम को लेकर कन्फ्यूजन काफी है। बोलिये वृन्दावन बिहारी लाल की जय। भगवान कृष्ण के अभिनन्दन के लिए भी बिहार का नाम आता है। इससे बढ़कर कुछ है क्या।।ये बिहार सम्राट अशोक और महावीर की धरती है। मैं सौभग्यशाली हूं जो यहां आने का मुझे मौका मिला है। हजारों सालों से मध्य प्रदेश और बिहार का रिश्ता रहा है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बिहार के यादवों का आह्वान करते कहा कि आप भगवान श्री कृष्ण के वंशज हो। अधर्मियों का नाश करना और धर्म की रक्षा करना आपका काम है। भगवान कृष्ण हमारे वंश के तो हैं ही, लेकिन उनकी पहचान अधर्मियों को नाश करने की है। जिसने भी धर्म का रास्ता छोड़ा, भगवान श्री कृष्णा धर्म की स्थापना के लिए कदम आगे बढ़ाए। कृष्ण ने राजा कंस का वध किया पर राजा नहीं बने। श्रीकृष्ण ने लोकतंत्र की रक्षा की थी, लोकतंत्र को जिंदा रखने में यादव समाज की भूमिका अहम है।

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी मोहन यादव के जरिए बिहार में यादव वोटबैंक में सेंधमारी की कोशिशें कर रही है। यादव के सीएम बनते ही ये कहा जा रहा है कि भाजपा बिहार और यूपी के यादवों को संदेश देना चाहती है। इसी कड़ी में मोहन यादव का वहां कार्यक्रम रखा गया। अब देखना ये होगा कि बिहार के कास्ट पॉलिटिक्स में मोहन यादव भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में सक्षम हो पाते हैं या नहीं।