Gairsain : उत्तराखंड को मिला Summer Capital

कांग्रेस का सवाल - अगर गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी है और देहरादून अस्थाई राजधानी तो फिर राज्य की राजधानी कहां हैं?

Publish: Jun 10, 2020, 01:39 AM IST

उत्तराखंड के चमोली स्थित गैरसैंण उत्तराखंड की नई समर कैपिटल बनाई गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने गैरसैंण को राज्य की समर कैपिटल यानी ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया है। मार्च में गैरसैंण में आयोजित बजट सत्र के दूसरे दिन भाषण के बाद मुख्यमंत्री ने इसका ऐलान किया था। इसके साथ ही उत्तराखंड की अब दो-दो राजधानियां हो गई हैं। राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से ही प्रदेशवासियों की ये मांग रही थी कि पहाड़ी प्रदेश की राजधानी पहाड़ में ही हो। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसा करके पार्टी ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में किए गए एक बड़े वादे को पूरा किया है।

देवेंद्र भसीन ने कहा कि यह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा विधानसभा में गैरसैंण को लेकर की गई घोषणा और 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी द्वारा किए गए उस वादे को भी पूरा करता है।“

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 4 मार्च को राज्य विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गैरसैंण को उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की घोषणा की थी। रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी का दर्जा उत्तराखंड के हजारों पुरुषों और महिलाओं को समर्पित किया है, जिन्होंने इसके लिए लड़ाई लड़ी।

उत्तराखंड के अलग राज्य के रूप में वजूद में आने के 19 साल और सात महीने बाद गैरसैंण राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया गया है।

गैरसैंण के ग्रीष्मकालीन राजधानी के रूप में अस्तित्व में आने के साथ ही इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। एक ओर जहां बीजेपी ने इससे श्रेय लेने की कोशिश की वहीं कांग्रेस ने सवाल उठाने शुरु किए। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस नोटिफिकेशन के लिए ट्वीट कर मुख्यमंत्री को बधाई भेजी और साथ ही सवाल दागा कि अगर गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी है और देहरादून अस्थाई राजधानी तो फिर राज्य की राजधानी कहां हैं?