Lockdown politics : जनता ई-पास को तरसी, सिलावट रेड जोन से लाए कार्यकर्ता

Corona virus :  सीएम शिवराज व भाजपा अध्यक्ष हों क्वारेंटाइन

Publish: May 19, 2020, 08:02 AM IST

भाजपा द्वारा लॉकडाउन 4.0 के बीच दल बदल करवाने पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री से यह जानकारी सार्वजनिक करने का आग्रह किया है कि कांग्रेस के इन पूर्व कार्यकर्ताओं के लिए ई-पास किस नियम और कैटेगरी के तहत आवंटित किए गए हैं? शासन के नियमानुसार केवल चार केटेगरी में ही ई पास दिया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में इंदौर के रेड जोन क्षेत्र के जिन कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई है उन्हें इनमें से किन कार्यों के लिए ई-पास दिया गया और किस अधिकारी द्वारा जारी किया गया है? इन कार्यकर्ताओं ने ई-पास के लिए कब आवेदन किया था? अगर  बिना  पास के ही उन्होंने एक संक्रमित क्षेत्र से निकलकर दूसरे जिले में प्रवेश कर जो अपराध किया है उस पर वैधानिक कार्यवाही कर मुख्यमंत्री इन कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराएं। गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश में 7 लाख 16 हजार 788 लोगों ने ई-पास के लिए आवेदन किया था जिसमें से 3 लाख 50 हजार 891 लोगों को ही पास दिए गए हैं तथा बचे हुए 3 लाख 65 हजार 897 आवेदनों में से 3 लाख 2 हजार 701 आवेदन खारिज किए जा चुके हैं। 63 हजार 196 आवेदन अभी भी लंबित हैं। लोग मजदूर,विद्यार्थी,फंसे हुये नागरिक ई-पास के लिये तरस रहे हैं और नेतागिरी करने के लिये पास दिये जा रहे हैं। प्रदेश जानना चाहता है कि इन कार्यकर्ताओं को किस निजी आपातकालीन कार्य के लिए पास आवंटित किए गए।

भाजपा नेताओं ने उड़ाया मोदी के आदेश का मजाक

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने आरोप लगाया कि कोरोना की इस महामारी में एक तरफ जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों से मास्क पहनने की, सोशल डिस्टेंसिंग रखने की व भीड़ नहीं करने की निरंतर अपील करने हैं। देश की जनता कोरोना के प्रोटोकाॅल व गाइडलाइन का निरंतर पालन कर रही है, वहीं मध्यप्रदेश में भाजपा के नेता निरंतर प्रधानमंत्री की इस अपील का मजाक उड़ा रहे है? सलूजा ने बताया कि आज भाजपा कार्यालय में उपचुनाव जीतने के लिए सांवेर के कुछ नेताओं को, मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में भाजपा में प्रवेश दिलाया गया। यह नेता प्रदेश के रेड हॉटस्पाट जिले इंदौर से चलकर प्रदेश के दूसरे रेड हॉटस्पाट जिले भोपाल गये। वहां पर मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बगैर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर, इनके गले में भाजपा के दुपट्टे डालें। इस दौरान किसी के भी मुंह पर मास्क नहीं लगा हुआ था। इसको देखते हुए तत्काल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन कर देना चाहिए क्योंकि यह उनके स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है।