दर्शकों की मांग पर छक्का लगाने वाले सलीम दुर्रानी का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

सलीम दुर्रानी अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर थे, बीसीसीआई ने उन्हें लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी दिया था

Publish: Apr 02, 2023, 10:12 AM IST

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का निधन हो गया है। रविवार सुबह को दुर्रानी ने अंतिम सांस ली। 88 वर्षीय दुर्रानी कैंसर से पीड़ित थे और गुजरात के जामनगर स्थित अपने घर पर रह रहे थे। 

सलीम दुर्रानी का जन्म अफगानिस्तान में हुआ था। बाद में उनका परिवार भारत आ गया था। दुर्रानी ने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच 1960 में खेला था। दुर्रानी ने अपना पहला और आखिरी मैच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला था। 

सलीम दुर्रानी ने भारत के लिए कुल तेरह साल तक क्रिकेट खेला। उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच जनवरी 1960 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जबकि अंतिम टेस्ट में 1973 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला। कुल खेले 29 टेस्ट में उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए। 

दुर्रानी के बारे में यह बात काफी मशहूर थी कि वह दर्शकों की मांग पर छक्का लगाया करते थे। वहीं वह अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने वाले देश के पहले क्रिकेटर भी थे। सलीम दुर्रानी ने क्रिकेट के अलावा फिल्म में भी हाथ आजमाया था। दुर्रानी ने 1973 में आई चरित्र में परवीन बॉबी के साथ काम किया था। इसके साथ ही उन्हें 2011 में बीसीसीओ ने लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी दिया था।