धोनी के नाम होगी वानखेड़े स्टेडियम की सीट, वर्ल्ड कप फाइनल में लगाया था सिक्सर

धोनी का विनिंग सिक्स स्टेडियम की जिस सीट पर जाकर गिरा था, अब उस सीट को पूर्व भारतीय कप्तान के नाम पर रखा जाएगा

Updated: Jun 17, 2023, 07:45 AM IST

Photo Courtesy : ESPNcricinfo
Photo Courtesy : ESPNcricinfo

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के वर्ल्ड कप जीतने के बारह वर्ष पूरे होने पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने बड़ा फैसला लिया है। वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम की एक सीट पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर रखी जाएगी। इसका ऐलान खुद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अमोल काले ने किया है। 

अमोल काले ने अंग्रेजी के एक प्रमुख अखबार को दिए अपने बयान में बताया है कि वर्ल्ड कप फाइनल में धोनी का सिक्स जिस जगह पर जाकर गिरा था हम उस सीट को धोनी के नाम पर रखेंगे। जल्द ही हम इसके उद्घाटन समारोह में धोनी को शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजेंगे।इसके साथ ही धोनी को एक मोमेंटो भी दिया जाएगा। 

2011 में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना दूसरा एकदिवसीय विश्व कप जीता था। फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ धोनी ने 91 रनों की पारी खेलकर भारतीय टीम को जीत दिलाई थी। इस वर्ल्ड कप को जीते बारह वर्ष हो चुके हैं लेकिन आज भी इसकी यादें क्रिकेट प्रेमियों के जहन में कैद हैं।

बीते दो अप्रैल को यह वर्ल्ड कप जीते बारह वर्ष पूर्ण हुए थे। इस अवसर पर उस विश्व विजेता टीम के सदस्य खिलाड़ियों ने विश्व कप से जुड़ी अपनी यादें साझा की थी। खुद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईसीसी को बताया कि फाइनल का सबसे अच्छा पल वो था जब हमें 15-20 रनों की ज़रूरत थी और पूरा स्टेडियम में वंदे मातरम् गाने लग गया था।

वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, विजय मर्चेंट के नाम पर स्टैंड के नाम रखे गए हैं। वहीं पोली उमरीगर और वीनू मांकड़ के नाम पर गेट्स के नाम हैं। अब इस सूची में जल्द ही धोनी का भी नाम शामिल होने वाला है। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के शुरू होने से पहले धोनी आईसीसी के सभी टूर्नामेंट जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान थे।