Indian Navy: नौसेना के जंगी जहाज पर पहली बार तैनात होंगी दो महिला ऑफिसर्स
Female Officers in Navy: भारतीय नौसेना ने लिंग समानता की ओर बढ़ाया पहला कदम, सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और रीति सिंह की होगी नियुक्ति

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना में सोमवार (21 सितंबर) को पहली बार देश की दो जांबाज बेटियों की युद्धपोत पर तैनाती की गई है। एयरफोर्स के बाद अब नौसेना में लिंग-समानता की ओर इसे बड़ा कदम के तौर पर देखा जा रहा है। जंगी जहाजों पर नियुक्त ये महिला अधिकारी सब-लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब-लेफ्टिनेंट रीति सिंह हैं।
नौसेना ने इन दोनों जांबाज महिला अधिकारियों को युद्धपोत पर बतौर स्ट्रीम ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। इन्हें कोच्चि में आईएनएस गरुड़ में आयोजित समारोह के दौरान ऑब्जर्वर के तौर पर ग्रेजुएट होने पर 'wings' से सम्मानित किया गया है। दोनों युवा महिला अधिकारी सब-लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब-लेफ्टिनेंट रीति सिंह नौसेना के मल्टी रोल हेलीकॉप्टरों में लगे सेंसरों को ऑपरेट करने की ट्रेनिंग ले रही हैं।
इन अधिकारियों को एयर नेविगेशन, फ्लाइंग प्रोसीजर्स, युद्ध के दौरान आजमाई जाने वाली तरकीबों, एंटी-सबमरीन वारफेयर के अलावा एवियॉनिक सिस्टम्स की भी ट्रेनिंग दी गई है। बता दें कि अबतक महिलाओं की नौसेना में एंट्री फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट तक ही सीमित थी जो समुद्रतटों के पास ही टेकऑफ और लैंड करते थे।
Click: Women's Empowerment महिलाओं की सर्वाधिक नियुक्ति कर भारतीय नौवहन निगम ने रचा इतिहास
बताया जा रहा है कि दोनों महिला अधिकारी अब जल्द ही नए एमएच-60 आर हेलीकॉप्टरों में उड़ान भरेंगी। एमएच-60 आर हेलिकॉप्टर्स को अपनी श्रेणी में दुनिया में सबसे अत्याधुनिक मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर माना जाता है। यह दुश्मनों के पोतों और पनडुब्बियों को आसानी से डिटेक्ट करने में सक्षम होता है। बता दें कि हाला ही में भारतीय वायुसेना ने भी राफेल विमानों को ऑपरेट करने के लिए महिला लड़ाकू पायलट को चुना है।