Mahasamund: दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार

Chhattisgarh: ट्रक में छिपाकर ओडिशा से बिहार ले जा रहे थे गांजा, 1 करोड़ 82 लाख 60 हजार रुपए का 9 क्विंटल गांजा ज़ब्त

Updated: Sep 12, 2020, 05:09 AM IST

Photo Courtesy: haribhoomi
Photo Courtesy: haribhoomi

महासमुंद। पुलिस ने गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। गांजा तस्करों के पास से 9 क्विंटल 13 किलो गांजा बरामद हुआ है। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 82 लाख 60 हजार रुपए आंकी जा रही है।

कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाके से दोनों अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गांजा तस्कर बिहार के रहने वाले हैं। तस्करों की पहचान मोहम्मद कलुट मनसुली और महेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। पुलिस नारकोटिक्स एक्ट के तहत दोनों पर कार्रवाई कर रही है। 

ट्रक में खाली कैरेट के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

दरअसल इनदिनों महासमुंद पुलिस अवैध शराब और गांजा के खिलाफ अभियान चला रही है। जिसके तहत दोनों गांजा तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर गांजा और शराब के अवैध परिवहन पर नजर रखी जा रही है। गांजा तस्कर ट्रक में खाली कैरेटों के नीचे गांजा छिपाकर ला रहे थे।

कोमाखान पुलिस को खबर मिली थी कि ओड़िशा से अवैध गांजा का परिवहन किया जा रहा है। तभी पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बैरिकेट लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। जिसमें एक ट्रक से गांजे की बड़ी खेप मिली। यह खेप ओड़िशा से ट्रक नंबर WB 41 H 0832 में लदी थी। जिसे टेमरी फॉरेस्ट नाके के पास पकड़ लिया गया।

पुलिस ने ट्रक की तलाशी की तब पता चला कि खाली कैरेटों ने नीचे 34 बोरियां छिपाकर रखी गई थी। जिसमे 183 पैकेट में गांजा रखा था। गांजा तस्करों से पूछताछ में पता चला है कि यह अवैध गांजा ओड़िशा से बिहार ले जा रहे थे। 12 चक्का ट्रक जब्त कर आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है आगे की कार्रवाई जारी है।