Sadbhavna Diwas: छग विधानसभा में मना सद्भावना दिवस
Rajiv Gandhi Birth Anniversary: राजीव गांधी की जयंती पर सद्भावना की शपथ, देश के विकास में पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद किया

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती मनाई गई। सद्भावना दिवस के मौके पर विधानसभा स्पीकर चरणदास महंत ने राजीव गांधी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हे नमन किया। इस कार्यक्रम में विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी, विधायक सत्यनारायण और विधायक कुलदीप जुनेजा भी मौजूद थे। विधानसभा स्पीकर ने वहां मौजूद विधानसभा कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को सद्भावना की शपथ दिलाई।
इस मौके पर स्पीकर चरणदास महंत ने देश के विकास में राजीव गांधी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी देश में संचार क्रांति के जनक हैं। उनके प्रयासों से ही देश भर में संचार क्रांति आई है।
गौरतलब है कि सद्भावना दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में सद्भावना की शपथ दिलाई जा रही है। सद्भावना दिवस का उद्देश्य सभी धर्म, भाषा और क्षेत्र के लोगों के बीच राष्ट्रीय एकीकरण की भावना जागृत करना और हिंसा त्यागकर लोगों के बीच सद्भावना को बढ़ावा देना है।
सद्भावना दिवस पर प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए अधिकारी-कर्मचारियों ने सद्भावना की शपथ ली।