CM Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के निर्विरोध अध्यक्ष

Chhattisgarh Olympic Association: 10 उपाध्यक्ष और 6 सहसचिव के लिए भी हुआ निर्विरोध निर्वाचन

Updated: Aug 08, 2020, 11:39 PM IST

photo courtesy : patrika
photo courtesy : patrika

रायपुर। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल निर्विरोध ओलंपिक संघ के अध्यक्ष चुने गए हैं। इनसे पहले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह संघ के अध्यक्ष थे। वहीं महासचिव पद पर गुरुचरण सिंह होरा भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

राज्य ओलंपिक संघ की नई कार्यकारिणी चुनने के लिए हुई बैठक में केवल कोषाध्यक्ष पद के लिए बैलेट पेपर से चुनाव संपन्न हुआ। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में स्वीमिंग संघ के सहीराम जाखड़ विजयी हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी हॉकी संघ से फिरोज अंसारी को 44 वोटों से मात दी। सहीराम जाखड़ को 52 वोट मिले, जबकि फिरोज अंसारी को महज 8 वोटों से संतुष्ट होना पड़ा।

राज्य ओलंपिक संघ में 10 उपाध्यक्ष और 6 सहसचिव के लिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ। उपाध्यक्ष पद पर डॉक्टर ए. फरिश्ता, अखिल धगट, बसीर अहमद खान, देवेंद्र यादव, गजराज पगारिया, जीएस भांमरा, शरद शुक्ला, कैलाश मुरारका, विजय अग्रवाल और विनोद चंद्राकर चुने गए हैं। वहीं राज्य ओलंपिक संघ के सहसचिव के 6 पदों पर अभिजीत मिश्रा, अरुण कुमार द्विवेदी, मनीष श्रीवास्तव, एनआर परासर, विजय कुमार अग्रवाल और डॉक्टर विष्णु श्रीवास्तव निर्वाचित हुए हैं। संघ में पहली बार एसोसिएट और एग्जीक्यूटिव भी चुने गए हैं।