Chhattisgarh : निर्विरोध चुने गए कांग्रेस के फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी

विधानसभा में सदस्यों की संख्या को देखते हुए पहले ही तय हो गया था कि दोनों सीटों पर निर्विरोध कांग्रेस प्रत्याशी चुन लिए जाएंगे।

Publish: Jun 19, 2020, 09:38 PM IST

देश में 9 राज्‍यों की 19 राज्‍यसभा सीटों पर आज चुनाव हो रहा है मगर छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव में वोटिंग की स्थिति नहीं बनी। यहां Rajya Sabha Election 2020 में कांग्रेस के दो सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं। प्रदेश से कांग्रेस के प्रत्‍याशी फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी को मार्च में ही निर्विरोध निर्वाचित कर लिया गया था। विधानसभा में सदस्यों की संख्या को देखते हुए पहले ही तय हो गया था कि दोनों सीटों पर निर्विरोध कांग्रेस प्रत्याशी चुन लिए जाएंगे। इसलिए बीजेपी ने इन दो सीटों के लिए अपने प्रत्याशी ही खड़ा ही नहीं किया।

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा के लिए दो सीट 9 अप्रैल को खाली हुई थीं। ये दो सीट कांग्रेस के मोतीलाल वोरा और भाजपा के रणविजय सिंह जूदेव का कार्यकाल पूर्ण होने पर खाली हुई थीं। राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व अन्य कैबिनेट मंत्रियों की उपस्थिति में राज्यसभा सदस्य का प्रमाण पत्र लिया। सुप्रीम कोर्ट के वकील और कांग्रेस के दूसरे प्रत्याशी का प्रमाण पत्र नगरी प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने लिया था। केटीएस तुलसी ने शिव डहरिया को अपना अभिकर्ता नियुक्त किया था।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ से आदिवासी नेता फूलोदेवी नेताम और देश के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल रहे केटीएस तुलसी को राज्‍यसभा में भेजा है। आदिवासी बाहुल्य इलाके बस्तर का प्रतिनिधित्‍व करने फूलो देवी नेताम पूर्व विधायक और प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रही हैं। केटीएस तुलसी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील हैं।