100 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी इस समय एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं जिनकी कुल संपत्ति 100 अरब डॉलर है, सेंटीबिलियनेयर्स के एलीट क्लब में शामिल हुए अडानी 

Publish: Apr 03, 2022, 02:44 AM IST


नई दिल्ली। 
अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी 100 अरब डॉलर की सम्पत्ति के साथ एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। अमीर लोगों के ग्लोबल इंडेक्स में गौतम अडानी 10वें स्थान पर हैं। जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 11वें स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार  अडानी की कुल सम्पत्ति 100 अरब डॉलर या उससे अधिक है। इस तरह सेंटीबिलियनेयर्स क्लब में गौतम अडानी की इंट्री हुई है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स की सूची में अडानी ने पिछले एक साल में अपनी सम्पत्ति में सबसे अधिक कुल 23.5 अरब डॉलर जोड़े हैं। 

अडानी समूह के संस्थापक गौतम अडानी का कारोबार बंदरगाह, एयरोस्पेस से लेकर तापीय ऊर्जा और कोयले के क्षेत्र में फैला हुआ है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार टेस्ला के एलन मस्क 273 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। इसके बाद अमेज़ॅन के जेफ बेजोस 188 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार भारतीय उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी की कुल सम्पत्ति अक्टूबर में 100अरब डॉलर वाले एलीट क्लब में सबसे अधिक थी, अब इसमें थोड़ी गिरावट आई है और अब उनकी कुल सम्पत्ति 99 अरब डॉलर हो गई है।