2023-24 में भारत की GDP 7.6 फीसदी रहने का अनुमान, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 8.4 फीसदी रही ग्रोथ

अक्टूबर-दिसंबर का GDP ग्रोथ RBI के अनुमान से बेहतर है। RBI ने तीसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 6.5% रहने का अनुमान जताया था।

Updated: Mar 01, 2024, 03:42 PM IST

नई दिल्ली। देश की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष (2023-24) की तीसरी अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में बढ़कर 8.4 प्रतिशत रही है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के गुरुवार को यह आंकड़े जारी किए। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में ये 4.3 प्रतिशत रही थी।

अक्टूबर-दिसंबर का GDP ग्रोथ RBI के अनुमान से बेहतर है। RBI ने तीसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 6.5% रहने का अनुमान जताया था। हालांकि, अब जारी आंकड़ों के अनुसार इसमें अनुमान से 1.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उम्मीद से ज्यादा ग्रोथ की वजह मजबूत शहरी खपत, मैन्युफैक्चरिंग और उच्च सरकारी खर्च माना जा रहा है।

एनएसओ द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक माइनिंग ग्रोथ सालाना आधार पर -1.4% से बढ़कर 7.5% हो गई। मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ सालाना आधार पर -4.8% से 11.6% हो गई। वहीं, कंस्ट्रक्शन ग्रोथ सालाना आधार पर बिना किसी बदलाव के 9.5% रही।

और पढ़े: MP में बारिश-ओलों की मार, गेहूं-चने को 30 फीसदी नुकसान, नर्मदापुरम के 94 से ज्यादा गांव में फसल बर्बाद

एनएसओ ने राष्ट्रीय खातों के अपने दूसरे अग्रिम अनुमान में देश की वृद्धि दर 2023-24 में 7.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। इससे पहले, इस साल जनवरी में जारी पहले अग्रिम अनुमान में जीडीपी वृद्धि दर 7.3 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया था।

एनएसओ ने 2022-23 के लिए जीडीपी वृद्धि दर के अनुमान को भी संशोधित कर सात प्रतिशत कर दिया है। पूर्व में इसके 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान रखा गया था। जीडीपी वृद्धि एक निश्चित अवधि में वस्तुओं और सेवाओं के कुल मूल्य में वृद्धि को बताती है।