मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 1300 अंक लुढ़का
सेंसेक्स 1,300 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 82,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 400 अंक की गिरावट है, ये 25,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

मुंबई। वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने के कारण घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (NSE Nifty) आज यानी गुरुवार को एक फीसदी से अधिक गिरकर खुले हैं। सेंसेक्स 1,300 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 82,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 400 अंक की गिरावट है, ये 25,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
गुरुवार के कारोबार में ऑटो, एनर्जी और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है। टाटा मोटर्स, मारुति, कोटक बैंक और एक्सिस बैंक में 2% से ज्यादा की गिरावट है। इस हफ्ते अब तक बाजार में करीब 2,500 अंक की गिरावट देखने को मिल चुकी है।
सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों ही अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ गए हैं। सेंसेक्स आज अपने ऑल टाइम हाई लेवल 85,978.25 से 2,976.16 अंकों यानी लगभग 3.46% नीचे 83,002.09 खुला है। जबकि निफ्टी 50 आज अपने 52-वीक हाई लेवल 26,277.35 से 824.50 अंकों यानी लगभग 3.14% नीचे खुला है।
ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की आशंका के कारण ग्लोबल मार्केट में निगेटिव सेंटिमेंट है। इसी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है। भारतीय शेयर बाजार के मौजूदा वैल्यूएशन बढ़े हुए हैं। खासकर मिड और स्मॉल-कैप सेगमेंट में। बाजार में इस कारण अच्छा-खासा करेक्शन दिख सकता है। अमेरिका में मंदी की आशंका बढ़ गई है, जिसके कारण पिछले कारोबारी दिन अमेरिकी बाजार में गिरावट रही। इसका असर दुनियाभर के बाजारों में दिख रहा है।