कंगना की बढ़ी मुश्किल, जावेद अख़्तर की मानहानि के मामले में वारंट जारी

मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने कंगना पर मानहानि का केस किया है, बार-बार समन भेजने पर भी कोर्ट में पेश नहीं हुईं कंगना तो जारी हुआ वारंट

Updated: Mar 01, 2021, 11:38 AM IST

Photo Courtesy: DNA
Photo Courtesy: DNA

मुंबई। बॉलीवुड के जानेमाने शायर, लेखक जावेद अख्तर की मानहानि के मामले में अभिनेत्री कंगना रनौत के नाम वारंट जारी हो गया है। मुंबई के अंधेरी की मेट्रोपॉलिटन कोर्ट ने कंगना के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया है। कई बार समन भेजे जाने के बाद भी कंगना कोर्ट में हाजिर नहीं हुईं, जिसके बाद उनके खिलाफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने जमानती वारंट जारी कर दिया है।

कंगना को एक फरवरी को समन जारी हुआ था। उन्हें एक मार्च को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया था। अब इस मामले में कंगना को कोर्ट या थाने जाकर खुद अपनी जमानत करवानी होगी और पेशी के लिए मौजूद रहना होगा। इस केस की अगली सुनवाई 26 मार्च को होगी। वहीं कंगना के वकील ने इस समन को हाई कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।

सोमवार की सुबह जावेद अख्तर सीनियर वकील वृंदा ग्रोवर के साथ वक्त से पहले ही अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट पहुंच गए थे। जबकि कंगना के वकील इस सुनवाई के लिए नहीं वक्त पर नहीं पहुंचे। पिछले महीने एक फरवरी को हुई सुनवाई के दौरान आदेश दिया गया था कि अगली सुनवाई में कंगना की मौजूदगी अनिवार्य है। इसके बावजूद कंगना कोर्ट में नहीं पहुंची। जिसके बाद कोर्ट ने वारंट जारी कर दिया। कंगना के वकीलों की लेट लतीफी से भी जज खासे नाराज़ नजर आए। जज ने कंगना के जूनियर एडवोकेट को डांट भी लगाई। 

जावेद अख्तर का आरोप है कि कंगना रनौत ने कई टीवी चैनल्स पर उनके खिलाफ गलतबयानी की है। जिससे उनकी छवि खराब हुई है। उन्होंने इस मामले में कंगना के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई एक फरवरी को भी हुई थी।  

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी के बाद कंगना ने बॉलीवुड के बहुत सारे लोगों पर गुटबाजी और पक्षपात का आरोप लगाया था। इसी दौरान उन्होंने जावेद अख्तर पर भी आरोप लगा दिया कि उन्होंने ऋतिक रोशन के खिलाफ पुलिस में दर्ज मामला वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाकर धमकी दी थी। कंगना ने आरोप लगाया था कि जावेद अख्तर ने उनसे कहा कि अगर वो केस वापस नहीं लेंगी तो उनके पास कुछ नहीं बचेगा। इसी आरोप को बेबुनियाद बताते हुए जावेद अख्तर ने उन पर मानहानि का केस किया है।