शाहरुख खान को जिंदा जलाऊंगा, मुंबई में मेरे आदमी उसे ढूंढ रहे हैं, परमहंस की खुलेआम धमकी
अक्सर विवादों में रहने वाले अयोध्या के संत परमहंस ने कहा है कि मैं शाहरुख खान को जिंदा जलाऊंगा। उन्होंने सलमान और आमिर खान को भी जान से मारने की धमकी दी है।

अयोध्या। पठान फिल्म के "बेशर्म रंग" को लेकर दक्षिणपंथी ताकतें विवाद गहराने में जुटी हुई हैं। इसी बीच अयोध्या के विवादित संत परमहंस ने शाहरुख खान को जिंदा जलाने की धमकी दी है। उटपटांग बयानों को लेकर सुर्खियां बटोरने वाले परमहंस ने सलमान और आमिर खान को भी जान से मारने की धमकी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संत परमहंस ने पठान का विरोध जताते हुए कहा कि, 'हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने के लिए ये सोची समझी साजिश है। लोगों ने इसे पैसा कमाने का धंधा बना लिया है। ये मूवी जिहाद है। पूरी प्लानिंग करके इसे बनाया जाता है। इसलिए आज मैने शाहरुख का पोस्टर जलाया है। जिस दिन मुझे वो जिहादी मिल गया, उसकी चमड़ी उधेड़कर जिंदा जला दूंगा।'
यह भी पढ़ें: क्या नरेंद्र मोदी मास्क पहनकर गुजरात गए थे, यात्रा रोकने संबंधी सरकार की चिट्ठी पर कांग्रेस हमलावर
संत के बिगड़े बोल यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि, 'मेरे कई आदमी मुंबई में उसकी तलाश कर रहे हैं। जिसे भी वो पहले मिले, वो सनातनी शेर उसको जिंदा जला दे। मैं उसके परिवार को आर्थिक मदद दूंगा। वैसे मैंने तीन लोगों के नाम लिखे हैं। एक शाहरुख खान तो है ही। इसके अलावा सलमान खान और दूसरा आमिर खान भी हैं जिनके लिए मैंने सजा-ए-मौत तय कर ली है।'
परमहंस ने आगे कहा कि, 'शाहरुख खान का मजहब तो इस्लाम है। आज तक उसने अपने मजहब पर ना तो कोई वेब सीरीज और ना कोई फिल्म बनाई है। मैं शाहरुख को चैलेंज करता हूं हलाला पर फिल्म बनाकर कर दिखा दे। तीन तलाक पर बनाकर दिखा दे, पैंगबर मुहम्मद की जीवनी पर बनाकर दिखा दे। पता नहीं 5 मिनट के अंदर कितने टुकड़े होंगे कोई गिन नहीं पाएगा।'