क्या नरेंद्र मोदी मास्क पहनकर गुजरात गए थे, यात्रा रोकने संबंधी सरकार की चिट्ठी पर कांग्रेस हमलावर

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि कोरोना नियमों को देखते हुए यात्रा स्थगित कर दें, इसपर कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि "यात्रा जारी रहेगी"

Updated: Dec 21, 2022, 08:07 AM IST

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राहुल गांधी से भारत जोड़ो यात्रा रोकने की मांग की है। इसके लिए कोरोना महामारी बढ़ने का हवाला दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल को पत्र लिखकर कहा है कि हेल्थ इमरजेंसी के हालात हैं। राष्ट्रहित में भारत जोड़ो यात्रा रोक दें। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसपर जावाब देते हुए कहा कि देश को एकसूत्र में पिरोने के लिए यात्रा जारी रहेगी।

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार बौखलाई हुई है। आम लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा तरह-तरह के सवाल उठा रही है। उन्होंने BJP से सवाल किया कि क्या चुनाव के समय PM मोदी मास्क लगाकर गुजरात गए थे? चौधरी ने आरोप लगाया कि यात्रा की लोकप्रियता को देखकर केंद्र सरकार साजिश रचने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें: कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें, या यात्रा स्थगित करें: राहुल गांधी को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने लिखा पत्र

कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने कहा कि यात्रा को रोकने का प्रयास एक साजिश के तहत किया जा रहा है। केंद्र सरकार राहुल गांधी की यात्रा में उमड़ रही भीड़ से बौखलाई हुई है। बौखलाहट में वे इस तरह की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन मैं स्पष्ट कर दूं की देश को एकसूत्र में पिरोने के लिए यात्रा जारी रहेगी। 

केंद्र सरकार के इस पत्र को लेकर टीएमसी ने भी निशाना साधा है। TMC सांसद डोला सेन ने कहा कि संसद अभी चल ही रही है। कोविड प्रोटोकॉल को लेकर केंद्र की ओर से कोई सर्कुलर जारी नहीं हुआ है। केंद्र सरकार का यह कर्तव्य नहीं है कि राज्य सरकारों पर हावी हो, बल्कि उनकी जिम्मेदारी जनता के प्रति है। सरकार अपनी जिम्मेदारियों के प्रति हमेशा विफल रही है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से शुरू हुई थी। आज यात्रा राजस्थान से हरियाणा पहुंच गई है। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में भारी भीड़ देखने मिली। लाखों की संख्या में लोग राहुल से मिलने और यात्रा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से भी पहुंचे थे। आज हरियाणा में भी उनके साथ-साथ हजारों लोगों की भीड़ दिखी।