लोन चुकाने के लिए किसान को बेचनी पड़ी किडनी, सूदखोरों ने 1 लाख के बदले 74 लाख वसूले

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक किसान को साहूकारों के उत्पीड़न से तंग आकर अपनी किडनी बेचने पर मजबूर होना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Updated: Dec 18, 2025, 04:30 PM IST

चंद्रपुर। महाराष्ट्र में कर्ज से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राज्य के चंद्रपुर में कर्ज का पैसा चुकाने के लिए सूदखोर ने कर्जदार की किडनी बिकवा डाली। यहां एक किसान को साहूकार का एक लाख का कर्ज चुकाने के लिए अपनी किडनी बेचनी पड़ी। दरअसल, साहूकार ने 1 लाख रुपए के कर्ज को 74 लाख बना दिया था। यह मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए।

किसान का नाम रोशन सदाशिव कुडे है। उसने चार साहूकारों से मिलाकर एक लाख रुपए का लोन लिया था। उसने कर्ज के कुछ पैसे लौटा दिए, तब भी उसे परेशान किया जा रहा था। किसान ने दूध का बिजनेस करने के लिए 1 लाख कर्ज लिया था। उन पैसों से 15 से 20 गायें खरीदी थीं, लेकिन लंपी बीमारी के चलते कुछ गाय मर गई और उसे नुक़सान हुआ। 

किसान ने पुलिस को बताया कि साल 2021 में स्थानीय साहूकारों से 40 प्रतिशत ब्याज दर पर एक लाख रुपये का ऋण लिया। जब किसान कर्ज नहीं चुका पाया तो उसने पहले कर्जदार को देने के लिए दूसरे साहूकार से दूसरा कर्ज लिया। ऐसे उसने 6 साहूकारों से कर्ज लिया दूसरे का कर्ज चुकाने के लिए। हर दिन उसे 5 से 6 हजार की पेनल्टी देनी होती थी। इस तरह करते-करते किसान ने अब 50 लाख से ज्यादा पैसे साहूकारों को दे भी दिए। किसान का दावा है कि वह अब तक 74 लाख रुपए दे चुका है। इसके लिए किसान ने अपनी चार एकड़ जमीन बेची, अपना ट्रैक्टर बेचा, अपना घर तक बेच दिया।

साहूकारों का कर्ज चुकाने के लिए उसने विदेश तक जाना पड़ा। किसान रोशन शिवदास कुले कंबोडिया गया। वहां उसने अपनी किडनी 8 लाख रुपए में बेची। वहां से आने के बाद वो 8 लाख रुपए भी साहूकारों ने ले लिए। एक साहूकार ने ही उसे किडनी बेचने का आइडिया दिया था। इतना ही नहीं, 1 लाख का कर्ज चुकाने के लिए पीड़ित किसान ने 2 व्हीलर, ट्रैक्टर और साढ़े तीन एकड़ खेत भी बेच डाला फिर भी साहूकार परेशान करते रहे। 

जब सब कुछ बिक गया और साहूकारों की धमकियां बंद नहीं हुईं, तो रोशन ने अपनी जान बचाने और कर्ज उतारने के लिए अपनी किडनी बेचने जैसा आत्मघाती कदम उठाया। उसके पिता ने भावुक होते हुए कहा कि रोशन ने परिवार की जिम्मेदारी उठाने की कोशिश की थी, लेकिन साहूकारों के चंगुल ने उसका जीवन बर्बाद कर दिया। अब हमारे परिवार के पास जीने का कोई सहारा नहीं बचा है। बहरहाल, चंद्रपुर के ब्रह्मपुरी पुलिस स्टेशन में 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। जांच के दौरान अवैध साहूकारी और मानव अंगों की तस्करी से जुड़े सुराग मिलने पर पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस रैकेट के तार अन्य राज्यों या बड़े अस्पतालों से भी जुड़े हैं।