World Thrift Day 2023: बच्चों को जिम्मेदार बनाने के लिए बचपन में ही सिखाएं पैसे बचाने के तरीके, अपनाएं ये टिप्स

कोविड-19 संकट ने एक बार फिर जाहिर कर दिया है कि किसी भी व्यक्ति के लिए बचत कितना जरूरी होता है। हालांकि, बचत करने का तरीका और बचत की रकम अलग हो सकती है।

Updated: Oct 30, 2023, 12:25 PM IST

Image courtesy -  Jagran
Image courtesy - Jagran

आप अपने घरों में अक्सर देखते होंगे कि जब भी परिवार को अचानक पैसे की जरूरत पड़ती है, आपकी मां कहीं-ना-कहीं से कुछ पैसे लाकर सामने रख देती हैं। यह छोटी-छोटी बचत से जमा की गई रकम होती है। दरअसल, हमारे देश की संस्कृति में कमाई का एक खास हिस्सा बचत के रूप में रखने का चलन पहले से शामिल है। यह बचत मुश्किल समय के लिए की जाती है। कोविड-19 संकट ने एक बार फिर जाहिर कर दिया है कि किसी भी व्यक्ति के लिए बचत कितना जरूरी होता है। हालांकि, बचत करने का तरीका और बचत की रकम अलग हो सकती है। हर व्यक्ति अपनी इनकम के हिसाब से सेविंग करता है। आपकी मां को भी उनके माता-पिता ने ही सिखाया होगा। अब हमें भी अपने बच्चों को ये सीखना होगा। इससे वे बेफिजूल के खर्चे नही करेंगे। लेकिन बच्चों के चंचल स्वभाव के कारण उन्हें पैसों की बचत कैसे की जाए ये समझाना थोड़ा कठिन हो सकता है। इसलिए आज हम आपको वर्ल्ड थ्रिफ्ट डे के मौके पर कुछ ऐसे टिप्स एंड ट्रिक्स देने जा रहे है, जिससे आप अपने बच्चों को आसानी से पैसों की अहमियत समझा सकेंगे। आइए जानते हैं। 

बजट बनाएं

जब आप हफ्ते और महीने के खर्च का बजट बना रहे हों तो अपने बच्चों को अपने साथ बैठाएं। इससे वे यह अच्छे से समझ पाएंगे कि कैसे लिमिटेड पैसों में हफ्ते या महीने की सभी जरूरतों को पूरा करना होता है। साथ ही वे यह आसानी से समझ पाएंगे कि किन चीजों पर कितने पैसे खर्च करने की जरूरत होती है और किन जगहों पर पैसे बचाए जा सकते हैं।

जरूरत का सामान पहले 

अपने बच्चों को यह समझाएं कि अपने पास सीमित पैसे हैं। इसलिए जरूरत की चीजों को पहले खरीदें। इसका मतलब है कि वे उन चीजों को महत्व दें, जिसकी उन्हें ज्यादा जरूरत है। न कि उन चीजों को, जो वे सिर्फ अपनी पसंद के लिए खरीदना चाहते हैं। यह सिखाने के लिए आप उन्हें अपने साथ बाजार लेकर जा सकते हैं, जहां आप उन्हें यह और आसानी से समझा सकते हैं और वे पैसों की बचत करना भी सीख सकेंगे। 

कंपाउंडिंग

अपने बच्चों को पैसों की बचत के साथ-साथ यह भी सिखाना जरूरी है कि कैसे वे अपने पैसों को कैसे बढ़ा सकते हैं। इसकी शुरूआत आप घर पर ही उनकी पॉकेट मनी से कर सकते हैं। उन्हें सिखाएं कि अगर वे एक महीने में जितने पैसे बचाएंगे, उसका 10 प्रतिशत (या जितना आपको ठीक लगे) बढ़ाकर आप उतने पैसे जोड़कर अगली पॉकेट मनी देंगे। इस तरीके से वे कंपाउंडिग की बारे में भी जान पाएंगे और पैसों को बेहतर तरीके से बचा पाएंगे।

गुल्लक

पैसों की अहमियत समझाने के लिए आप उन्हें पैसों को सुरक्षित रखने के अलग-अलग तरीकों के बारे में बता सकते हैं। जैसे कि गुल्लक में पैसे रखना इसका एक उदाहरण हो सकता है। इससे वे इस बात को समझ पाएंगे कि उनके पैसों की जिम्मेदारी उनकी है। उन्हें ही इन्हें संभाल कर रखना होगा। इससे वे जिम्मेदार भी बनेंगे।

पैसे कमाने के तरीके

पैसों को कमाने में कितनी मेहनत लगती है। यह सीखाने के लिए आप अपने बच्चों को घर के कुछ काम दे सकते हैं, जिसके बदले उन्हें एक निर्धारित राशि दे सकते है। इससे आपको घर के कामों में मदद भी मिल जाएगी और उन्हें भी यह समझ आएगा कि पैसे कमाने के लिए मेहनत लगती है। खुद की मेहनत से कमाए पैसों को वे बेकार की चीजों पर बर्बाद भी नहीं करेंगे।