राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग पर बेलारूस में विरोध प्रदर्शन जारी

Belarus Protests 2020: 26 साल से सत्ता पर क़ाबिज़ बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको को चुनाव में मिले 80 प्रतिशत मत पर गड़बड़ियों का आरोप

Updated: Aug 26, 2020, 04:46 AM IST

Photo Courtesy: Swaraj Express
Photo Courtesy: Swaraj Express

बेलारूस में राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हाल में हुए विरोध प्रदर्शनों में देश की राजधानी मिंस्क में करीब दो लाख लोगों ने प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन बेलारूस में हुए राष्ट्रपति चुनाव के बाद से ही शुरू हो गए थे। इस चुनाव में 26 साल से सत्ता में बने हुए एलेक्जेंडर लुकाशेंको को 80 प्रतिशत मत मिले और वे छठवीं बार देश के राष्ट्रपति बने। वहीं उनकी प्रतिद्वंदी स्वेतलाना शिखानौस्काया को मात्र 10 प्रतिशत मत मिले। चुनाव में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर देश में प्रदर्शन शुरू हो गए। 

इस बीच राज्य के नियंत्रण में आने वाली फैक्ट्रियों के श्रमिक भी सड़कों पर आ गए हैं। रंगकर्मी और दूसरे कलाकार भी इन प्रदर्शनों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। 

महिलाओं ने इन विरोध प्रदर्शनों में बड़ी भूमिका निभाई है। शुरुआत में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के घायल हो जाने और हजारों गिरफ्तारियों के बाद हाथों में फूल लिए और नारे लगाती महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। 

दूसरी तरफ राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको के समर्थन में भी रैलियां निकाली जा रही हैं। ये समर्थक बेलारूस का झंडा लेकर अपने राष्ट्रपति के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। 

इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प कई जगह हिंसक हो उठी। अंतरराष्ट्रीय मीडिया की खबरों के मुताबिक इन प्रदर्शनों के चलते अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी तरफ राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशंको प्रदर्शनकारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दे चुके हैं।