पुतिन पर बाइडेन के क़ीमत चुकाने वाले जवाब से असहज हुआ रूस, राजदूत को मॉस्को बुलाया

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ABC न्यूज को दिए इंटरव्यू में एक सवाल के जवाब में पुतिन को हत्यारा स्वीकार किया, सवाल था कि क्या राषट्रपति चुनाव में पुतिन ने ट्रंप को फायदा पहुंचाया- बाइडेन ने कहा, उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी

Updated: Mar 18, 2021, 05:42 AM IST

Photo Courtesy: Al-Jazeera
Photo Courtesy: Al-Jazeera

वॉशिंगटन। अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट से रूस में उथल-पुथल मच गया है। रूस ने अपने राजदूत को अमेरिका से वापस मॉस्को बुला लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने एक इंटरव्यू में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को हत्यारा स्वीकार किया है। बाइडेन ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा है कि पुतिन को कीमत चुकानी पड़ेगी। बाइडेन के इस बयान को अमेरिका और रूस के बीच बड़े राजनयिक संकट की तरह देखा जा रहा है।

एबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में बाइडेन से अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट को लेकर सवाल किया गया था। खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पुतिन ने बीते नवंबर अमेरिका में हुए चुनाव में दखल दिया था। इस रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पुतिन ने बाइडेन की उम्मीदवारी को नुकसान पहुंचाने और ट्रंप के प्रचार में मदद की थी। बाइडेन ने कहा 'उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।

 पुतिन पर विपक्ष के नेता एलेक्सी नवेलनी को जहर देने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। इस बारे में इंटरव्यू के दौरान सवाल पूछे जाने पर कि क्या वह सोचते हैं कि पुतिन, जिस पर विरोधी नेता अलेक्सी नवेलनी और अन्य प्रतिद्वंद्वियों को जहर देने के आदेश का आरोप है, एक 'हत्यारा' हैं? बाइडेन ने कहा, हां।

बाइडेन का इंटरव्यू ऐसे समय में प्रसारित हुआ, जब अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने यह घोषणा कर दी है कि वह नवेलनी को जहर देने के लिए सजा के तौर पर रूस पर लगे निर्यात प्रतिबंधों को और सख्त कर रहा है। रूस ने इस घटना पर प्रतिक्रियास्वरूप अपने राजनयिक को देश वापस बुला लिया है। हालांकि, रूस ने इस बात पर जोर दिया है कि वे दोनों देशों के बीच संबंधों को खराब नहीं करना चाहते हैं। रूस के विदेश मंत्रालय से जारी बयान के अनुसार, 'वॉशिंगटन में रूसी दूत एंटली एंटोनोव को सलाह के लिए मॉस्को आमंत्रित किया गया है।'

रूस ने कहा है कि राजदूत को वापस बुलाने का मकसद इस बात का विश्लेषण करना है कि आगे क्या किया जा सकता है। साथ ही अमेरिका के साथ रिश्तों के संदर्भ में अब क्या करना है। रूस के उप विदेश मंत्री सार्जेई रेयाबकोव ने कहा है कि रूसी-अमेरिकी संबंधों को आगे खराब करने की जिम्मेदारी पूरी तरह से अमेरिका की है। इसपर अमेरिका ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि रूस द्वारा उत्पन्न चुनौतियों के बारे में अमेरिका स्पष्ट नजर रखेगा।' दुनिया के इन दो बड़ी महाशक्तियों के नेताओं के बीच शुरू हुई ज़बानी जंग से शीतयुद्ध भड़कने के आसार नजर आ रहे हैं।