Corona Effect : केंद्रीय कर्मचारियों को दूसरा झटका नहीं बढ़ेगा वेतन

केंद्र सरकार ने एन्युअल परफॉर्मेंस असेसमेंट रिपोर्ट की प्रक्रिया को पूरा करने की अवधि को अब 31 मार्च 2021 तक के लिए बढ़ा दिया है।

Publish: Jun 17, 2020, 05:05 AM IST

Photo courtesy : mumbai live
Photo courtesy : mumbai live

कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार ने कर्मचारियों को दूसरा बड़ा झटका दिया है। महंगाई भत्ते में इजाफे पर रोक लगाने के बाद केंद्र सरकार ने कर्मचारियों के वेतनवृद्धि पर भी रोक लगा दी है। केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक कर्मचारियों को इस वर्ष वेतनवृद्धि का लाभ नहीं मिल पाएगा। इसके लिए उन्हें मार्च 2021 तक का इंतजार करना होगा।

दरअसल, केंद्र सरकार ने एन्युअल परफॉर्मेंस असेसमेंट रिपोर्ट की प्रक्रिया को पूरा करने की अवधि को अब 31 मार्च 2021 तक के लिए बढ़ा दिया है। इसके पहले सरकार ने इस प्रक्रिया को पूरा करने की अवधि को 31 दिसंबर 2020 तक बढ़ाया था। सरकारी आदेश के मुताबिक ग्रुप ए, बी और सी के अधिकारियों की APAR की प्रक्रिया अब 31 मार्च तक पूरा होगी। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक केंद्र सरकार ने वर्ष 2019-20 के लिए केंद्रीय कर्मचारियों के वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (एनुअल परफॉर्मेंस एसेसमेंट रिपार्ट, एपीएआर) को पूरा करने की अवधि बढ़ाई गई है। इस आदेश से साफ है कि कर्मचारियों को अब वेतनवृद्धि के लिए मार्च 2021 तक का इंतजार करना होगा।

गौरतलब है कि इसके पहले केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के डीए पर भी जून 2021 तक रोक लगा दी थी। 14 मार्च को ही सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4 फीसदी इजाफे का एलान किया था। माना जा रहा था कि अप्रैल महीने की सैलरी तक कर्मचारियों के खाते में बढ़े हुए डील की रकम जनवरी से मार्च तक के एरियर के साथ आ जाएगी। लेकिन सरकार के इस फैसले के बाद केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा झटका लगा है।