Kerala Model: केरल की स्वास्थ्य मंत्री संयुक्त राष्ट्र को करेंगी संबोधित

संयुक्त राष्ट्र के कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहीं वे एकमात्र भारतीय हैं।

Publish: Jun 25, 2020, 12:05 AM IST

केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा को संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यक्रम में वक्ता के तौर पर बुलाया गया है। यह कार्यक्रम दुनिया भर में कोरोना के खिलाफ लड़ रहे सरकारी कर्मचारियों और प्रतिनिधियों का सम्मान और उन्हें धन्यवाद देने के लिए आयोजित किया जा रहा है। केके शैलजा इस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहीं एकमात्र भारतीय हैं। कार्यक्रम में उन्हें बुलाये जाने को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केरल सरकार के प्रभावी कदमों की एक और सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केरल मॉडल की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है।

इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा, “चाहे स्वास्थ्य सेवाएं देनी हों या जरूरी चीजों की सप्लाई करनी हो या कानून व्यवस्था देखनी हो, दुनिया भर के सरकारी कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर काम करना जारी रखा।”

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस, संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष तिजानी मुहम्मद, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक के साथ और भी लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में कोरोना संकट के दौरान सेवाएं दे रहे विश्व भर के सरकारी कर्मचारियों के चुनिंदा वीडियो भी दिखाए जाएंगे। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीडिय कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल होंगी।