मुजतबा खामेनेई बने ईरान के नए सुप्रीम लीडर, तेल संकट को लेकर G7 देशों की बैठक आज
G7 दुनिया की प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं।
तेहरान। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी और देश का नया सुप्रीम लीडर चुना गया है। ईरान के प्रेस टीवी ने एक्स पोस्ट में यह जानकारी दी। पोस्ट में कहा गया कि ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने आयतुल्लाह सैयद मुजतबा खामेनेई को इस्लामिक रिपब्लिक का नया लीडर नियुक्त किया है।
मुजतबा, अली खामेनेई के दूसरे नंबर के बेटे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने ईरानियों से एकता बनाए रखने और मुजतबा खामेनेई के साथ खड़े होने की अपील की है। मुजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद पूरे ईरान में जश्न का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और अपनी खुशी का इजहार किया। IRGC और आर्म्ड फोर्सेज के जनरल स्टाफ ने मुजतबा खामेनेई को समर्थन दिया है।
ईरान की राजधानी तेहरान में हमले जारी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुजतबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद तेहरान में कई धमाकों की आवाज सुनी गईं। उधर, ईरानी जवाबी हमलों में सऊदी अरब के अल-खारज में दो लोगों की मौत हो गई। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि ईरान के खिलाफ जंग में अब तक आठ अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं।
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को US-इजराइल के हमले में मौत हो गई थी। अयातुल्ला 1989 में रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद से ईरान के सर्वोच्च नेता के पद पर काबिज थे। ईरान में 1979 की इस्लामिक क्रांति के दौरान, जब शाह मोहम्मद रजा पहलवी को हटाया गया तो खामेनेई ने क्रांति में बड़ी भूमिका निभाई थी।
उधर, तेल की बढ़ती कीमतों और ऊर्जा संकट के बीच G7 देशों के वित्त मंत्री आज आपातकालीन तेल भंडार जारी करने के प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे। यह जानकारी फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में दी गई है। इस योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के समन्वय में आपात भंडार से तेल बाजार में जारी किया जा सकता है, ताकि कीमतों को नियंत्रित किया जा सके।
अब तक G7 के तीन देशों, जिनमें अमेरिका भी शामिल है, ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। G7 दुनिया की प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं।




