पीएम मोदी खुद मुझसे मिलने आए थे, उन्होंने रूस से तेल खरीदना काफी कम कर दिया: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि अपाचे हेलिकॉप्टर की वजह से भारत कई सालों से मेरे पास आ रहा था। हम इसे बदल रहे हैं। भारत ने 68 अपाचे हेलिकॉप्टरों का ऑर्डर दिया है।
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी उनसे ज्यादा खुश नहीं हैं, क्योंकि वॉशिंगटन ने रूसी तेल खरीदने की वजह से दिल्ली पर 50% टैरिफ लगाया है। ट्रंप ने यह बात मंगलवार को वॉशिंगटन में हाउस रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों की बैठक में कही।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी खुद मुझसे मिलने आए थे। वह मेरे पास आए और बोले- सर, क्या मैं आपसे मिल सकता हूं? और मैंने कहा- हां। हालांकि ट्रम्प ने यह नहीं बताया कि यह सारी बातचीत कब और कहां हुईं। ट्रंप ने यह भी कहा कि मेरे उनके (पीएम मोदी) साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। अब उन्होंने रूस से तेल खरीदना काफी हद तक कम कर दिया है।
ट्रंप ने कहा कि अपाचे हेलिकॉप्टर की वजह से भारत कई सालों से मेरे पास आ रहा था। हम इसे बदल रहे हैं। भारत ने 68 अपाचे हेलिकॉप्टरों का ऑर्डर दिया है। ट्रंप ने भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लगाया है, जिसमें से 25 फीसदी एक्स्ट्रा टैरिफ रूस से तेल खरीदने की वजह से लगाया गया है।
ट्रंप ने कल भी भारत के रूस से तेल आयात कम करने को लेकर बयान दिया था। ट्रंप ने कहा था कि भारत ने यह फैसला उन्हें खुश करने के लिए लिया। ट्रंप ने कहा था कि वे मुझे खुश करना चाहते थे। प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। वह जानते थे कि मैं खुश नहीं था, इसलिए मुझे खुश करना जरूरी था। हम व्यापार करते हैं और उन पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं।
बता दें कि यूक्रेन युद्ध के बाद भारत रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार बन गया था। अमेरिकी अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि भारत रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन पर हो रहे हमलों को फंड कर रहा है। इसी वजह से अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ भी लगा दिया।




