ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र पर नस्लीय हमला, 11 बार चाकुओं से गोदा, वीजा के लिए गिड़गिड़ा रहे परिजन

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा एक भारतीय छात्र नस्लीय हिंसा का शिकार हो गया है। हमलावर ने छात्र पर चाकू से करीब 11 वार किए हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।

Updated: Oct 14, 2022, 10:35 AM IST

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा एक भारतीय छात्र नस्लीय हिंसा का शिकार हो गया है। इस हमले में उस पर चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया है। हमलावर ने छात्र पर चाकू से करीब 11 वार किए हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। इधर भारत में उसके परिजन वीजा के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आगरा निवासी रामनिवास गर्ग का 28 वर्षीय बेटा शुभम गर्ग आईआईटी चेन्नई से मॉस्टर आफ साइंस की डिग्री लेकर ऑस्ट्रेलिया में पीएचडी करने के लिए गया है। वह सिडनी के यूनएनएसडब्ल्यू कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले महीने एक सितंबर को ही ऑस्ट्रेलिया गया था। बीते छह अक्टूबर को वह एटीएम से रुपये निकाल कर रात करीब 10 बजे अपने कमरे पर लौट रहा था कि तभी एक हमलावर ने उसपर चाकुओं से हमला कर दिया। 

हमलावर ने शुभम के जबड़े, छाती और पेट में 11 बार चाकू से हमला किया, जिससे शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त ने इसकी जानकारी शुभम के परिजनों को दी है। ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने केस दर्ज कर 10 अक्टूबर को आरोपी डेनियल नोरवुड को अरेस्ट कर लिया है। परिजनों के अनुसार शुभम के चेहरे, छाती और पेट पर कई घाव हैं। 

इधर शुभम के परिजन वीजा के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं। वे स्थानीय भाजपा नेताओं और अधिकारियों से हफ्तेभर से गुहार लगा रहे हैं कि उन्हें वीजा दिया जाए, ताकि वे शुभम से के पास जा सकें। लेकिन अबतक कोई सुनवाई नहीं हुई है। मामले पर आगरा के जिला अधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि ‘शुभम के भाई का वीजा आवेदन प्रक्रिया में है। हम विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर रहे हैं। मैंने सिडनी में दूतावास के अधिकारियों से भी बात की है। वीजा जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा।'