मई दिवस पर फ्रांस में भड़की हिंसा, पेंशन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल

प्रदर्शनकारी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सरकार के द्वारा लाए गए पेंशन सुधार कानून का विरोध कर रहे थे। 291 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

Updated: May 02, 2023, 08:31 AM IST

पेरिस। एक मई यानी मजदूर दिवस पर फ्रांस में पेंशन कानून के विरोध में लोगों ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन में हुई हिंसा में 108 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, पुलिस के द्वारा देश भर में 291 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

पेरिस पुलिस ने कहा कि फ्रांस की राजधानी में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच खूब घमासान हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रांस की राजधानी में एक लाख से ज्यादा लोगों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा के बाद पेरिस से 90 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में एक और बैंक डूबा, अमेरिकी रेगुलेटर्स ने फर्स्ट रिपब्लिक बैंक को किया सीज़

पेरिस पुलिस ने कहा कि इस वर्ष पेंशन सुधार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू होने के बाद से यह दूसरा सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर आतिशबाजी और अन्य प्रोजेक्टाइल फेंके गए। इसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद वो पीछे हट गए, लेकिन फिर से संगठित हो गए।

विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए, फ्रांस के प्रधान मंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने कहा कि मई दिवस पर हिंसा पूरी तरह अस्वीकार्य है। बता दें कि राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों द्वारा फ्रांस में नए पेंशन कानून लागू किए गए हैं। साथ ही सेवानिवृत्त की आयु 62 से बढ़ाकर 64 वर्ष कर दिया है। इस फैसले के विरुद्ध फ्रांस के लोग अब सड़क पर उतर आए हैं।