मध्य प्रदेश में 11 केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे, सीएम यादव बोले- ये देश के भविष्य के निर्माण में सहभागी बनेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने मध्यप्रदेश के लिए 11 केंद्रीय विद्यालय को स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार माना है।

Updated: Dec 07, 2024, 12:26 PM IST

भोपाल। देशभर में नए 85 केंद्रीय और 28 नवोदय विद्यालय खोले जाएंगे। शुक्रवार को कैबिनेट ने इस फैसले पर मुहर लगाई। इसके तहत मध्य प्रदेश में भी 11 केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे। केंद्र सरकार के इस निर्णय पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह सौगात मध्य प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र को नई ऊंचाई देगी। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को आभार जताया है।

नये स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय भोपाल के सेंट्रल अकादमी पुलिस ट्रेनिंग, अशोकनगर, उज्जैन के नागदा, मैहर, बालाघाट के तिरोधी, सिवनी के बरघाट, निवाड़ी, छतरपुर के खजुराहो, कटनी के झिंझरी, मुरैना के सबलगढ़ और राजगढ़ के नरसिंहगढ़ में खुलेंगे।

वर्तमान में मध्य प्रदेश में 115 केंद्रीय विद्यालय हैं। इसमें से राजधानी भोपाल में 5 केंद्रीय विद्यालय हैं। वहीं भोपाल के सेंट्रल अकादमी पुलिस ट्रेनिंग में केंद्रीय विद्यालय के खुलने के बाद राजधानी में यह संख्या 6 हो जाएंगी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में 11 नये केन्द्रीय विद्यालय खोलने की मंजूरी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश को 11 नए केंद्रीय विद्यालयों की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने देशभर में सिविल/रक्षा क्षेत्र के अंतर्गत 85 नए केन्द्रीय विद्यालयों के लिए अनुमति प्रदान की है, इसमें मध्य प्रदेश में 11 केन्द्रीय विद्यालय आरम्भ किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: भोपाल में करोड़ों की शराब पर चला बुलडोजर, तीन घंटे में नष्ट हुई 45 हजार लीटर शराब

उन्होंने आगे लिखा कि अशोकनगर, नागदा, मैहर, तिरोड़ी, बरघाट, निवाड़ी, खजुराहो, झिंझरी, सबलगढ़, नरसिंहगढ़ और सीएपीटी भोपाल में स्थापित होने वाले केन्द्रीय विद्यालय देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनेंगे। केन्द्रीय विद्यालय की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री जी का ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूं।