राघौगढ़ के भैंसाना में 151 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ, दिग्विजय सिंह ने समस्त रामभक्तों को दिया न्यौता

राघौगढ़ पवित्र पावन पुरूषोत्तम मास में दिनांक 18 मई 2026 से 28 मई 2026 तक अभूतपूर्व अनुष्ठान 151 कुण्डीय श्री राम महायज्ञ, वेद पुराण, श्रीमद् भागवत, श्री रामचरितमानस आदि के पाठ का विश्व कल्याणार्थ भव्य आयोजन रखा गया है।

Updated: May 02, 2026, 04:39 PM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के गृह क्षेत्र राघौगढ़ की पावन धरा पर मई माह में श्री राम महायज्ञ का अभूतपूर्व अनुष्ठान होने जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह, राघौगढ़ के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्द्धन सिंह इस कल्याणकारी यज्ञ के संरक्षक हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जानकारी दी है कि मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री सीताराम जी एवं श्री हनुमान जी महाराज की अहेतु कृपा से गुना जिले के राघौगढ़ के ग्राम भैंसाना में स्थित तपोभूमि सिद्ध आश्रम हनुमत धाम में श्री राघौ जी महाराज की असीम कृपा से पूज्य संत पंडित श्री बृजकिशोर जी पारिक (गुड्डा महाराज) के पावन सानिध्य में एवं यज्ञाचार्य संस्कृत वेद विद्यालय, आवन के प्राचार्य पंडित श्री बेनीप्रसाद जी वशिष्ठ के सानिध्य में पवित्र पावन पुरूषोत्तम मास में दिनांक 18 मई 2026 से 28 मई 2026 तक अभूतपूर्व अनुष्ठान 151 कुण्डीय श्री राम महायज्ञ, वेद पुराण, श्रीमद् भागवत, श्री रामचरितमानस आदि के पाठ का विश्व कल्याणार्थ भव्य आयोजन रखा गया है। 

उन्होंने बताया कि इस पूरे यज्ञ अनुष्ठान को श्रीधाम वृंदावन के पूज्य संत रामकृपाल दास जी महाराज, रामटेकरी आश्रम के पूज्य संत हिमालय वासी, स्वामी अभिरामदास त्यागी जी महाराज, पाटई आश्रम के पूज्य संत महामंडलेश्वर गंगादास जी महाराज, सिद्धधाम मंडखो आश्रम के पूज्य संत भगवानदास त्यागी जी महाराज एवं आरोन आश्रम के सनकादी आचार्य श्री ईश्वरदास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त है। 

पूर्व सीएम ने बताया कि भैंसाना में होने जा रहे विशाल यज्ञ की दिव्यता और भव्यता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि यज्ञ स्थल को देखने के लिए हजारों श्रद्धालु दिन प्रतिदिन एकत्रित हो रहे है और पिछले 6 महीने से भैंसाना आश्रम में प्रतिदिन लगभग 5 हजार लोग भंडारा प्रसादी ग्रहण करते हैं। 

सिंह ने इस भक्तिमय आयोजन में सनातन धर्म के ध्वज वाहक भगवान स्वरूप चारों पीठों के पूज्य शंकराचार्य जी महाराजों को आदर के साथ आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि वे महामहिम राज्यपाल, माननीय मुख्यमंत्री व मध्यप्रदेश सरकार के समस्त मंत्रीगण, प्रदेश की समस्त राजनैतिक पार्टियों के सम्माननीय विधायकों, जन प्रतिनिधियों व पदाधिकारियों को विधिवत आमंत्रित करेंगे। 

उन्होंने बताया कि ब्रह्मलीन संत पंडित देवप्रभाकर शास्त्री जी "पूज्य दद्दा" के अतिप्रिय शिष्य, मशहूर फिल्म अभिनेता एवं प्रभावशाली वक्ता धर्मप्रेमी आशुतोष राना, 18 मई को भैंसाना यज्ञ प्रांगण में धर्ममय उद्बोधन देंगे एवं अपनी प्रभावी शैली में शिवतांडव स्तोत्र का हिंदी में भावानुवाद प्रस्तुत करेंगे। श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने इस आयोजन में प्रसिद्ध कवि एवं रामकथा वाचक कुमार विश्वास को भी आमंत्रण भेजा है।

दिग्विजय सिंह ने देश-प्रदेश के रामभक्त सनातन धर्म प्रेमियों को सह परिवार, इष्ट मित्रों के साथ यज्ञ में पधारने का आवाहन करते हुए कहा है कि यज्ञ की महिमा अपरम्पार है एवं यज्ञ भारतीय सनातन संस्कृति के आधारस्तंभ है, जो देव-पूजा, हवन और दान का मिश्रण है। यज्ञ न केवल आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि अग्नि के माध्यम से औषधियों के सूक्ष्म होने से पर्यावरण को शुद्ध कर रोगों का शमन भी करते हैं। अतः सभी सनातन धर्म प्रेमी यज्ञ में पधारकर दिव्य अलौकिक सनातन संस्कृति के दर्शन तन, मन, धन, कर्म और वचन से सहयोग कर धर्मलाभ प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बनाएं।