215 महीनों में इन्होंने 215 घोटाले किए हैं, कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मैं शपथ ग्रहण के लिए सूट नहीं सिलवाता मुख्यमंत्री बनना मेरा लक्ष्य नहीं, मेरा लक्ष्य है मध्य प्रदेश की सेवा करना और मध्यप्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखना: कमलनाथ

Updated: Apr 18, 2023, 04:56 PM IST

खातेगांव। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पीसीसी चीफ कमलनाथ मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर देवास जिले के खातेगांव पहुंचे। यहां उन्होंने सत्ताधारी दल बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि 215 महीनों में इन्होंने 215 घोटाले किए हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि मेरा लक्ष्य है मध्य प्रदेश की सेवा करना और मध्यप्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखना।

खातेगांव में प्रेस को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा, 'शिवराज जी ने 3 दिन पहले पंच क्रांति की घोषणा की है। यह क्रांति उन्हें 18 वर्षों बाद याद आई। लाडली बहनों की याद भी उन्हें 18 वर्षों बाद आई। आज बीजेपी जनता को अपने 18 वर्षों का हिसाब नहीं दे पा रही। भाजपा सरकार ने प्रदेशभर में विकास यात्रा निकाली, जिसका 160 से अधिक जगहों पर विरोध हुआ।'

यह भी पढ़ें: मिशन 2023 के लिए कांग्रेस का मास्टर प्लान, 16 नेता प्रदेशभर में चलाएंगे परिवर्तन संकल्प अभियान

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'खातेगांव विधानसभा आज शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में बुरी तरह पिछड़ गई है। शिवराज जी ना केवल घोषणा की मशीन हैं बल्कि वे झूठ बोलने की भी मशीन हैं। वे पहले कहते थे कि किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ फिर स्वयं विधानसभा में स्वीकार किया कि 27 लाख किसानों का कर्जा प्रदेश में माफ हुआ है। वे पहले कहते थे कि कांग्रेस ने संबल योजना बंद की थी। फिर अंततः उन्होंने विधानसभा में स्वीकार किया कि कांग्रेस सरकार में संबल योजना बंद नहीं हुई थी।'

पीसीसी चीफ ने कहा, 'शिवराज जी 15 महीनों का हिसाब जोर शोर से मांगते हैं। परंतु 215 महीनों का हिसाब जनता को नहीं देते। मैं कहता हूं कि पिछले 215 महीनों में इन्होंने 215 घोटाले किए हैं। आज सिर्फ प्रदेश के स्कूलों के पेपर ही लीक नहीं हो रहे, बल्की स्कूलों की छतें भी लीक हो रही हैं।' खातेगांव को जिला बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, 'खातेगांव को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। स्थानीय लोगों से चर्चा करके और आसपास जनता से चर्चा करके जो खातेगांव के हित में होगा वह कदम हम उठाएंगे।'

यह भी पढ़ें: जी भाईसाहब जी: मामा तो पार्टी के लिए हानिकारक है

अतीक अहमद हत्याकांड से जुड़े सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि अतीक के मुद्दे पर कांग्रेस क्या सोचती है उससे ज्यादा जरूरी है देश की जनता क्या सोचती है। इंक्वायरी आर्डर कर दी गई है। अलग-अलग जगहों से दो-तीन अपराधी वहां कैसे पहुंचे? उनके पास हथियार कैसे पहुंचे? यह महत्वपूर्ण प्रश्न है। हमें इंक्वायरी पूरी हो जाने तक इंतजार करना चाहिए।

चुनावी रणनीति को लेकर कमलनाथ ने कहा कि लंबे समय तक हारी हुई सीटों के लिए हमने विशेष रणनीति बनाई है। कांग्रेस का स्थानीय संगठन कैंडिडेट तय करेगा। प्रदेशभर में हमारे सर्वे चल रहे हैं। एआईसीसी के सचिव गण भी हमारे स्थानीय संगठनों से चर्चा कर रहे हैं। स्थानीय संगठन जिस व्यक्ति के साथ होगा हम उसे प्राथमिकता देंगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि मैं शपथ ग्रहण के लिए सूट नहीं सिलवाता। मुख्यमंत्री बनना मेरा मेरा लक्ष्य नहीं है। मध्य प्रदेश की सेवा करना और मध्य प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखना ही मेरा लक्ष्य है।