मिशन 2023 के लिए कांग्रेस का मास्टर प्लान, 16 नेता प्रदेशभर में चलाएंगे परिवर्तन संकल्प अभियान

विधानसभा चुनाव के लिए मिशन मोड में कांग्रेस, कमलनाथ ने वरिष्ठ नेताओं के साथ की बैठक, प्रदेशभर में परिवर्तन संकल्प अभियान चलाने की योजना।

Updated: Apr 18, 2023, 12:27 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश प्रदेश फतह के लिए कांग्रेस ने भी अपना मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। चुनाव पूर्व कांग्रेस प्रदेशभर में परिवर्तन संकल्प अभियान चलाएगी। कमलनाथ ने इस अभियान की जिम्मेदारी 16 नेताओं को सौंपी है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह इन नेताओं के साथ समन्वय करेंगे।

सोमवार देर शाम पीसीसी चीफ कमलनाथ के आवास पर कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति की अहम बैठक हुई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री व विधायकों में सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, जयवर्द्धन सिंह, जीतू पटवारी, लाखन सिंह यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी और अरुण यादव प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

इस दौरान कमलनाथ ने पार्टी नेताओं के साथ परिवर्तन संकल्प अभियान विस्तृत चर्चा की। रिपोर्ट्स के मुताबिक कमलनाथ ने कहा कि हमारा फोकस कार्यकर्ता को मोटिवेट करने पर होना चाहिए, उन्हें यह बताना होगा कि हमारी सरकार बनने जा रही है। इस दौरान यह तय किया गया कि प्रदेश के लोकप्रिय नेताओं को अलग-अलग क्षेत्र की सीटों की जिम्मेदारी दी जाएगी। जिन नेताओं का उनके विधानसभा क्षेत्र के अलावा भी दूसरे क्षेत्रों में प्रभाव है उन्हें वहां भेजा जाएगा।

बताया जा रहा है कि कुल 16 ऐसे नेताओं का चयन किया गया है, जो दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं को मोटिवेट करेंगे। इनमें सुरेश पचौरी, डॉ गोविंद सिंह, अरुण यादव, अजय सिंह राहुल, जीतू पटवारी, कांतिलाल भूरिया, मीनाक्षी नटराजन, कमलेश्वर पटेल, रामनिवास रावत और लाखन यादव जैसे दिग्गज शामिल हैं। वे अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां परिवर्तन संकल्प रैलियां करेंगे और जनता को भाजपा के कुशासन से जागरूक करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को इन नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सिंह को लगभग 65 उन सीटों की जिम्मेदारी दी गई है, जहां कांग्रेस संगठन कमजोर है और पार्टी लगातार तीन-चार टर्म से चुनाव हार रही है। सिंह को हारी हुई सीटों पर कांग्रेस का विजय पताका फहराने की जिम्मेदारी दी गई है। वे इन विधानसभा क्षेत्रों लगातार दौरे कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।

घरों में कांग्रेस का झंडा लगाएं कार्यकर्ता​​​

इसके अलावा कांग्रेस ने प्रदेश में घर-घर झंडा फैलाने की योजना भी बनाई है। यानि जो कांग्रेस का कार्यकर्ता होगा वह अपने घर पर कांग्रेस पार्टी का झंडा फहराएगा। क्योंकि पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले पूरा माहौल बनाने में जुटी है। कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता अपने वाहन और घर पर कांग्रेस का झंडा लगाएंगे। कमलनाथ के आह्वान पर कांग्रेस पार्टी की ओर से सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को इसके निर्देश दिए हैं।