50 फीसदी कमीशन की सरकार की विदाई तय, कमलनाथ होंगे मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री: अरुण यादव

सीएम फेस को लेकर कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कमलनाथ हैं, उनके नेतृत्व में ही कांग्रेस चुनाव 2023 का चुनाव लड़ने जा रही है। इसमें कहीं कोई कन्फ्यूजन नहीं है।

Updated: Aug 24, 2023, 07:44 PM IST

भोपाल। कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। गुरुवार को पांच जिलों के नेताओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने पीसीसी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में 50 फीसदी कमीशन की सरकार की विदाई तय है। हम दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता अरुण यादव ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, 'मध्य प्रदेश में सबसे बड़ा मुद्दा प्याज का है। केंद्र की मोदी सरकार ने प्याज पर 40 फीसदी एक्सपोर्ट ड्यूटी लगा दी है। स्पष्ट है कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के बारे में नही सोच रही है। प्रदेश में मूंग खरीदी के दो माह हो गए लेकिन आज तक किसानों खाते में रुपए जमा नहीं हुई। अतिवृष्टि से जहां फसलें बर्बाद हुई न तो वहां के किसानों को मुआवजा मिला और न ही सर्वे किया गया। क्योंकि सरकार का खजाना खाली हो चुका है। सरकार जो लोन लेती है सीएम शिवराज उसका दुरुपयोग अपनी पार्टी के प्रोपेगैंडा के लिए कर रहे हैं। अधिकांश विभागों में तीन महीने से कर्मचारियों को तनख्वाह तक नहीं मिली है।'

यादव ने आगे कहा, 'प्रदेश में जो 50 फीसदी कमीशन की सरकार है उनकी रवानगी होने वाली है। प्रदेश में बदलाव की बयार है, बहुत सारे साथी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। सीएम शिवराज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के सभी नेता छिंदवाड़ा आ रहे है। मैं कहता हूं कि मोदी जी को अमेरिका से भी नेता मिले तो ले आएं कोई फर्क नहीं पड़ेगा। छिंदवाड़ा ओर एमपी में हम दो तिहाई बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।'

सीएम शिवराज द्वारा पांढुर्णा को जिला बनाने की घोषणा पर अरुण यादव ने तंज कसते हुए कहा कि वे
घोषणावीर मुख्यमंत्री हैं, चुनाव नजदीक है इसलिए उन्हें सबकी याद आने लगी। अब उन्हें बहनों की याद आ रही है, भाइयों की याद आ रही है, जीजा भी याद आ रहे हैं। वे 18 साल से मुख्यमंत्री हैं, उन्हें हमने तो विकास करने से नहीं रोका था। 50 फीसदी कमीशन की सरकार का जनता हिसाब करने वाली है।'

सीएम फेस को लेकर अरुण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कमलनाथ हैं, उनके नेतृत्व में ही कांग्रेस 2023 चुनाव लड़ने जा रही है। इसमें कहीं कोई कन्फ्यूजन नहीं है। टिकट बंटवारे के फॉर्मूले को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उम्मीदवारों का चयन इलेक्शन कमेटी करेगी। जितने वाले उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा।