एमपी में हादसों का दौर जारी, इंदौर से छतरपुर जा रही बस के पलटने से 4 की मौत, 35 घायल 

घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया,घटना शनिवार सुबह 6 बजे के करीब में हुई है।

Publish: Feb 18, 2023, 08:12 AM IST

सागर। मध्य प्रदेश में हादसों का दौर जारी है। शनिवार सुबह में इंदौर से छतरपुर जा रही बस  हादसे का शिकार हो गई, हादसे में 4 की मौत हो गई जबकि 35 लोग घायल हैं।

घटना शनिवार सुबह 6 बजे के करीब हुई है। जब गोल्डन ट्रेवल्स की बस सागर जिले के शाहगढ़ इलाके में छानबीला थाना क्षेत्र के निवार घाट के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। 2 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा। वहीं 3 दर्जन के आसपास लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। 

बता दें कि मध्य प्रदेश में सड़क हादसों की तुलना में 5 वां सबसे बड़ा हादसा है। इसके पहले सिवनी में एक मिनी ट्रक ने श्रद्धालुओं के जत्थे को अपने पहियों तले रौंद दिया था। तो वहीं बीते दिन श्रद्धालुओं से भरी कार 200 फीट खाई में जा गिरी थी इस हादसे में भी 4 लोगों की मौत और 10 लोग घायल हुए थे। 


पुलिस के अनुसार हादसा काफ़ी भीषण था। बस में सवार यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। प्रशासन और एंबुलेंस के स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बस से बाहर निकाला। दो लोगों की मौके पर ही मौत हुई थी, अस्पताल में 2 लोगों ने दम तोड़ा है। पुलिस ने आगे बताया कि बस को उठाने के लिए प्रशासन को जेसीबी और हाइड्रा मशीनें मौके पर बुलानी पड़ी। बड़ी ही मशक्कत के बाद बस को सीधा किया गया। इधर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बस की बॉडी को काटना पड़ा, तब घायल यात्रियों का रेस्क्यू किया जा सका। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हुई है।