खरगोन में बेकाबू पिकअप ने बारातियों को रौंदा, 1 महिला की मौत, दूल्हे समेत 24 घायल
खरगोन के महेश्वर में शादी के दौरान दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बारात में घुसे अनियंत्रित पिकअप वाहन ने 24 लोगों को कुचल दिया। जिसमें एक महिला की मौत हो गई।
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जर मोहना में शुक्रवार को एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बारात के बीच घुसे एक बेकाबू पिकअप वाहन ने नाच रहे लोगों को कुचल दिया। जिसकी वजह से एक महिला की मौत हो गई और दूल्हे सहित करीब 24 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बारात सजनीपुरा से बड़ीपुरा की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शी राजेश राठौर के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे दूल्हा राकेश डाबर की बारात निकली थी। इसी दौरान बारात के पीछे चल रहे पिकअप वाहन के चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया था। जिसके बाद उसका पैर एक्सीलेटर पर दब गया था। इसके बाद वाहन तेजी से आगे बढ़ा और नाचते हुए बारातियों को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। बाद में वाहन नीम के पेड़ से टकराकर पलट गया।
यह भी पढ़ें:उज्जैन: बोरवेल में फंसे 3 वर्षीय भागीरथ की मौत, घंटों मशक्कत के बाद निकाला गया शव
हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और चीख पुकार गूंजने लगी। घायलों को तत्काल महेश्वर और मंडलेश्वर के अस्पतालों में पहुंचाया गया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अतुल गौर ने बताया कि गंभीर रूप से घायल खरगोन निवासी 25 वर्षीय रेखा पति चंदेल की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कई अन्य घायलों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों में दूल्हा राकेश डाबर भी शामिल है। जबकि, उसकी बहन की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंडलेश्वर से जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया है। इसके अलावा रामरती बाई, परमानंद, सोमा बाई और ज्ञानचंद को भी बेहतर इलाज के लिए खरगोन भेजा गया है।
यह भी पढ़ें:वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में पलटा 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर, 10 की मौत
मंडलेश्वर अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों में बंशीलाल, कलावती, उर्मिला, रेखा, सलोनी, अवंती और सरिता शामिल हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जगदीश गोयल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की थी।
हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक राजकुमार मेव भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेश्वर पहुंचे थे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और प्रशासनिक अधिकारियों को गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। इस दौरान एसडीएम पूर्वा मंडलोई, तहसीलदार कैलाश सस्त्या और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही थी। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी।
यह भी पढ़ें:MP: उमरिया में बाघिन का शिकार, शिकारियों ने करंट लगाकर मारा, पांच गिरफ्तार




