Kanpur Encounter दावा : विकास दुबे ने किया सुनियोजित सरेंडर

एनकाउंटर में मारे गए DSP के रिश्‍तेदार ने लगाया विकास दुबे को बचाने का आरोप, तस्‍वीरों से उठ रहे सवाल

Publish: Jul 10, 2020, 07:16 AM IST

कुख्यात अपराधी व कानपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के गिरफ्तारी पर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं। इसी बीच कानपुर गोलीकांड में मारे गए पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र मिश्रा के साले कमलकांत मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, 'यह पूरी तरह से एक सुनियोजित आत्मसमर्पण है, ताकि उसे मारे जाने से बचाया जा सके। यह गिरफ्तारी पूरी योजना बना कर की गई है।

कमलकांत ने इस बारे में सवाल खड़े किए हैं कि जब विकास 12 घंटे पहले तक फरीदाबाद में था तो वह मात्र 12 घंटों में ही उज्जैन के महाकाल मंदिर तक कैसे पहुंच गया? पुलिस भी जब उसे गिरफ्तार करने गयी तो अपने साथ मीडिया कर्मियों को लेकर गयी। क्या आपने ऐसी गिरफ्तारियां पहले कभी देखी है?

उन्होंने आगे कहा, 'उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई है बल्कि उसे मौत से बचाया गया है। परिवार को जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता है, लेकिन अगर अपराधी गिरफ्तार हो गया है तो यह हम सबके लिये संतोष की बात है। मैं नहीं समझता कि कहानी यहीं खत्म हो गयी, अभी तो यह शुरुआत है। मुठभेड़ में जो आठ पुलिसकर्मी मारे गये उसमें केवल विकास और उसके गिरोह अकेले शामिल नही थे, बल्कि कुछ अन्य लोग भी शामिल थे जो उसे अब तक बचा रहे हैं। विकास दुबे ने उन्हीं लोगों की सलाह पर आत्मसर्मपण किया है।'

उज्‍जैन में महाकाल मंदिर से विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद आ रही तस्‍वीरें भी ऐसे ही संकेत दे रही है। उसके चेहरे पर सुकून हैं। य‍दि उसे गिरफ्तार किया गया तो उसने कोई विरोध नहीं जताया। पुलिस ने कहा कि महाकाल मंदिर में पूजा के पहले ही वह पकड़ा गया मगर गिरफ्तारी के पहले उसक हाथ में कलावा था। बाद में थाने की तस्‍वीर में उसके हाथ में कलावा नहीं था।