कांग्रेस विधायकों को रोकने की तैयारी, विधानसभा परिसर के पास ट्रैक्टर ट्रॉली प्रतिबंधित

भोपाल कलेक्टर ने अपने आदेश को संशोधित करते हुए विधानसभा परिसर के पांच किलोमीटर के दायरे में ट्रैक्टर, ट्रॉली इत्यादि की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है

Updated: Dec 26, 2020, 03:12 PM IST

Photo Courtesy: Rediff.com
Photo Courtesy: Rediff.com

भोपाल। 28 दिसंबर से शुरू होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले ही राजनीतिक पारा चढ़ गया है। भोपाल प्रशासन ने विधानसभा परिसर के पांच किलोमीटर के दायरे के भीतर ट्रैक्टर और ट्रॉलियों की आवाजाही को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया है। भोपाल प्रशासन ने ट्रैक्टर, ट्रॉली, डंफर, तांगा टूक्का और बैल गाड़ी जैसे वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी है। 

दरअसल भोपाल प्रशासन ने शुक्रवार को अपने आदेश में संशोधन किया है। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने 21 दिसंबर के अपने आदेश में विधानसभा परिसर के आस पास धारा 144 लागू किया था। लेकिन कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टर ने अब इन वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। 

क्या है मामला ? 

28 दिसंबर से मध्यप्रदेश विधानसभा के तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र की शुरुआत होनी है। उसी दिन कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस भी है। कांग्रेस पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई ने यह निर्णय किया है कि पार्टी के सभी विधायक कृषि कानूनों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने सत्र के पहले दिन ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर विधानसभा जाएंगे।

कांग्रेस के इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव करने वाले हैं। प्रदर्शन में प्रदेश भर के किसानों को भी भोपाल बुलाने की तैयारी है। लिहाज़ा प्रशासन और सरकार ने कांग्रेस पार्टी के इस प्रदर्शन को पूरी तरह से बेअसर करने के लिए अपने आदेश में संशोधन कर दिया है। हालांकि प्रशासन के इस आदेश के बाद कांग्रेस पार्टी क्या रुख अपनाएगी, यह देखना काफी दिलचस्प होगा।

कांग्रेस को किसानों की आवाज़ बनने से रोक नहीं पाएगी बीजेपी : जीतू पटवारी 

भोपाल प्रशासन के आदेश को लेकर पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने बीजेपी पर हमला बोला है। जीतू पटवारी ने कहा है कि यह आदेश बीजेपी की किसान विरोधी मानसिकता का परिचायक है। जीतू पटवारी ने प्रशासन के आदेश की तीखी आलोचना की है। पटवारी ने कहा है कि सरकार के ऐसे तुलगकी फरमान कांग्रेस को किसानों की आवाज़ बनने से कभी रोक नहीं पाएगी। और साथ ही चुनौती भी दी है कि 28 दिसंबर को कांग्रेस विधायक ट्रैक्टर पर ही विधानसभा जाएंगे।