BJP MLA रामेश्वर शर्मा ने कहा कांग्रेस की वजह से आई MP में बाढ़, कांग्रेस बोली मानसिक विक्षिप्तता की स्पर्धा चल रही है

मध्य प्रदेश के पूर्व प्रोटेम स्पीकर व बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा की अजीबोगरीब थ्योरी, मनमोहन सिंह की सरकार ने काम किया होता तो आज नहीं आते बाढ़

Updated: Aug 05, 2021, 02:39 PM IST

Photo Courtesy : ZeeNews
Photo Courtesy : ZeeNews

भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश बाढ़ और बर्बादी लेकर आई है। इस प्राकृतिक आपदा ने हजारों लोगों को बेघर कर दिया है। हालांकि, राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी का दावा है कि यह बाढ़ विपक्ष की वजह से आई है। एमपी विधानसभा के पूर्व प्रोटेम स्पीकर व बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि मध्य प्रदेश में बाढ़ और त्रासदी के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।

रामेश्वर शर्मा के इस अजीबोगरीब बयान को लेकर चौतरफा फजीहत हो रही है। हालांकि, शर्मा ने इसके लिए एक बेतुकी थ्योरी भी दी है। बीजेपी नेता का तर्क है कि यदि मनमोहन सिंह की सरकार ने देश में काम किया होता तो आज बाढ़ नहीं आती। मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री रहते हुए नदियों को नहीं जोड़ा इसी वजह से यहां बाढ़ आ गई।

यह भी पढ़ें: बारिश में किसान सम्मान यात्रा पर निकले जयवर्धन सिंह, मुआवजे की मांग को लेकर 35 किमी की पैदल यात्रा

शर्मा के इस बयान पर कांग्रेस ने सीएम शिवराज से पूछा है कि इनकी इलाज क्यों नहीं कराते? एमपी कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'मप्र के बीजेपी विधायक को सुनिये, —बाढ और त्रासदी की ज़िम्मेवार कांग्रेस है।शिवराज जी, इन लोगों का सही से उपचार क्यों नहीं कराते, सोचिये ! ऐसे लोग जिस पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं, उस पार्टी का बौद्धिक स्तर क्या होगा। हे ! ईश्वर, इन्हें स्वस्थ्य करो। 

मानसिक विक्षिप्तता की प्रतिस्पर्धा चल रही है

कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने इसे विक्षिप्तता की प्रतिस्पर्धा करार दिया है। केके मिश्रा ने कहा, 'बीजेपी के मंत्रियों, नेताओं और विधायकों में इन दिनों मानसिक विक्षिप्तता की प्रतिस्पर्धा चल रही है, सबसे बड़ा मानसिक विक्षिप्त कौन? उसी मानसिक स्पर्धा के तहत कोई पंडित नेहरू को जिम्मेदार ठहरा रहा है तो कोई मनमोहन सिंह को जिम्मेदार बता रहा है। यह अपनी असफलताओं को छुपाने का एक घृणित प्रयास है।'

यह भी पढ़ें: बढ़ती महंगाई की वजह नेहरू हैं, विश्वास सारंग के इस बयान पर कांग्रेस ने कहा, पता नहीं ये कौन सा नशा करता है

बता दें कि पिछले हफ्ते ही बीजेपी मंत्री विश्वास सारंग ने कहा था कि पेट्रोल-डीजल, एलपीजी से लेकर खाद्य तेलों की कीमतें देश के पहले प्रधानमंत्री दिवंगत जवाहरलाल नेहरू बढ़ा रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने कहा था कि 15 अगस्त 1947 को लाल किले की प्राचीर से जवाहरलाल नेहरू ने जो भाषण दिया था, उसी भाषण की गलती के कारण भारत की अर्थव्यवस्था बिगड़ी है।