MP BJP को बड़ा झटका, सांची जनपद पंचायत अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस का दामन थामा

दो दिन पहले दमोह जनपद उपाध्यक्ष मंजू कटारे के बाद अब सांची जनपद अध्यक्ष सुनील पोर्ते कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

Updated: Jul 24, 2023, 05:39 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने की होड़ लगी हुई है। तमाम पोल्स और सर्वे रिपोर्ट्स में कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी होने के कारण सभी पार्टियों के नेता कांग्रेस ज्वाइन करना चाहते हैं। पिछले तीन महीनों के भीतर कई क्षेत्रीय क्षत्रपों ने कांग्रेस का दामन थामा है। इसी क्रम में सोमवार को सांची जनपद अध्यक्ष सुनील पोर्ते कांग्रेस में शामिल हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सुनील पोर्ते को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

सोमवार को ही ग्वालियर के भी छः बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है। कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने इन सभी नेताओं को PCC चीफ कमलनाथ के समक्ष सदस्यता दिलवाई है। इनमें रंजीत यादव, सुबोध दुबे, दिनेश बरैया, नरेंद्र गुर्जर, राहुल शाक्य और दौरिस जाटव शामिल हैं। 

सांची जनपद अध्यक्ष अर्चना पोरते, 6 जनपद सदस्यों सहित सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता के साथ कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इससे कुछ ही दिन पहले दमोह और बड़वानी जिले में भी सैकड़ों लोग कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में हर हफ्ते हजारों लोगों के शामिल होने से कांग्रेस में खुशी की लहर है। कांग्रेस मानकर चल रही है कि विधानसभा चुनाव में जनता का समर्थन उसे मिलेगा और 150 से अधिक सीटों पर चुनाव जीतकर राज्य में सरकार बनाएगी।