भीम आर्मी के बड़े नेताओं पर BJP से सांठगांठ के आरोप, पार्टी उपाध्यक्ष ने किए कई बड़े खुलासे

डबरा से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी रूपेश कैन का आरोप है कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी दोनों संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के लिए मोटी रकम ली है।

Updated: Nov 22, 2023, 04:49 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने से पहले एक नया विवाद सामने आया है। मध्य प्रदेश में भीम आर्मी के बड़े नेताओं पर भाजपा से सांठगांठ करने के आरोप लगे हैं। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बैरसिया और आजाद समाज पार्टी (ASP) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अस्तेय पर बीजेपी से मोटी रकम लेकर भाजपा के पक्ष में काम करने के आरोप लगे हैं।

भीम आर्मी के नेताओं पर यह आरोप किसी और ने नहीं, बल्कि डबरा विधानसभा से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रूपेश कैन ने लगाए हैं। रूपेश कैन ने आरोप लगाए हैं कि इन दोनों प्रदेशाध्यक्षों ने लाखो-करोड़ों रुपये कमा लिए, कोठी बंगला बना लिए। उन्होंने भाजपा नेता विश्वास सारंग, भोपाल महापौर मालती राय जैसे नेताओं का नाम भी लिया है।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा ट्विटर पर वीडियो शेयर करने के बाद ये मामला चर्चा में आ गया है। सिंह ने ट्वीट में लिखा, 'भाजपा SC-ST के हित में काम करने के बजाय केवल चुनाव में SC-ST के वोट काटने के लिए अपनी काली कमाई के पैसे से नौजवानों को खरीद कर कांग्रेस को हराने के लिए BJP उम्मीदवार खड़े करती है। चाहे BSP हो चाहे, भीम आर्मी, चाहे JAYS चाहे, GGP के नाम से। इन संगठनों को BJP के चंगुल में नहीं फंसना चाहिए। जिसकी सरकार बने, उन्हें अपना एजेंडा देना चाहिए। SC-ST के हितों के लिए लड़ाई लड़ना चाहिए। हम कांग्रेसजन उनका साथ देंगे।'

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने जो वीडियो शेयर किया, वह 28 अक्टूबर का बताया जा रहा है। वीडियो में रूपेश कैन भोपाल के वीआईपी रोड पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों पर सार्वजनिक तौर पर बीजेपी से साठगांठ का आरोप लगाते दिख रहे हैं। वीडियो में दोनों प्रदेशाध्यक्ष भी दिख रहे हैं। रूपेश कहते दिख रहे हैं कि भाजपा की गाड़ी लेकर चल रहे हैं। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष...ये हैं हमारे प्रदेश अध्यक्ष, जिन्होंने करोड़ों रुपए में हमारी समाज बेच दी है। इसके बाद वे गाड़ियों का वीडियो दिखाते हुए कहते हैं कि ये गाड़ी राय के नाम से है, जो बीजेपी नेता की है। ये दौड़कर भाग रहे हैं। बताइए ये गाड़ी किसकी है।

वीडियो सामने आने के बाद संगठन प्रमुख चंद्रशेखर रावण ने प्रदेश की सभी इकाइयां भंग कर दी हैं। प्रदेश जिला संभाग और विधानसभा सेक्टर की इकाइयां सभी इकाइयों को भंग कर दिया गया है। आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रूपेश कैन ने भी मंगलवार को वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा- 12 फरवरी 2023 को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में भीम आर्मी के आंदोलन को भाजपा ने मैनेज किया था। 8 से 10 महीने पहले भीम आर्मी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील बैरसिया और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अस्तेय को भाजपा से गाड़ियां उपलब्ध करवाई गईं थी।