काउंटिंग से 2 दिन पहले ही भाजपा नेताओं को थी नतीजों की जानकारी, दिग्विजय सिंह ने स्क्रीशॉट शेयर कर EVM पर उठाए सवाल

Digvijaya Singh questions EVM: कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के अप्रत्याशित नतीजों को लेकर EVM पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि जिस मशीन में चिप लगी हो वो हैक की जा सकती है।

Updated: Dec 05, 2023, 07:47 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे इस बार कई मायनों में काफी चौंकाने वाले हैं। कांग्रेस नेताओं ने EVM को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। भोपाल पहुंचे प्रदेशभर के कांग्रेस प्रत्याशियों ने भी बताया कि ईवीएम की भूमिका संदिग्ध है। इसी बीच पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि भाजपा नेताओं को काउंटिंग के दो दिन पहले ही चुनाव नतीजों की जानकारी थी।

सिंह ने ट्वीट पर दो तस्वीर शेयर किए हैं। इसमें एक भाजपा नेता के फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट है। पांच दिन पुराने पोस्ट में भाजपा नेता ने लिखा है कि खाचरोद नागदा विधानसभा सीट पर भाजपा को 93 हजार और कांग्रेस को 77 हजार मत प्राप्त हुए हैं। हैरानी की बात ये है कि चुनाव के एक्चुअल नतीजे भी यही है। भाजपा प्रत्याशी को 93,552 और कांग्रेस प्रत्याशी को 77,625 वोट प्राप्त हुए हैं।

सिंह ने इसके साथ लिखा है कि, 'इन दो तस्वीरों पर गौर करें। लाल बैकग्राउंड में BJP कार्यकर्ता लिख रहे हैं खाचरौद विधानसभा चुनाव में किसे कितने वोट गिरे और कौन कितने वोट से जीत रहा है महत्वपूर्ण यह है कि यह पोस्ट मतगणना से 2 दिन पहले यानी 1 दिसंबर को ही लिख दी गयी थी। अब नतीजे के बाद की तस्वीर से मिलान कर लें।'

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 230 में से 163 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 66 सीटों पर ही सिमटकर रह गई है। जमीनी हालात जानने वाले किसी भी व्यक्ति को चुनाव नतीजों पर भरोसा नहीं हो पा रहा है। यहां तक कि भाजपा के लोग भी कन्फ्यूज हैं कि इतनी सीटें कैसे आ गई। चुनाव के नतीजों ने विपक्षी नेताओं और प्रदेश की जनता को ईवीएम पर शंका करने के लिए मजबूर कर दिया है।

ईवीएम और पोस्टल बैलेट के नतीजों का अंतर सबसे ज्यादा चौंकाने वाला है। बैलेट पेपर के नतीजे कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की 199 सीटों पर आगे थी। वोट प्रतिशत की बात करें तो कांग्रेस को बैलेट पेपर में भाजपा के मुकाबले 21 फीसदी अधिक वोट मिले। लेकिन ईवीएम के नतीजों के कारण कांग्रेस को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सभी सीटों के पोस्टल बैलेट के आंकड़े जारी किए हैं, जिसके बाद ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठना लाजमी है। सिंह ने मंगलवार को ये भी कहा कि जिस मशीन में चिप लगी हो वो हैक की जा सकती है।