एंटी इनकंबेसी झेल रही भाजपा की नई रणनीति, तीन महीने मतदाताओं के घर चाय पिएंगे भाजपा पदाधिकारी

इस निकम्मी सरकार को जनता की कोई परवाह नहीं है। प्रदेश की जनता अब शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने की संकल्प ले चुकी है। तीन महीने बाद कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बनेंगे और प्रदेश में खुशहाली लाएंगे: कांग्रेस

Updated: Aug 10, 2023, 02:31 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी दल बीजेपी ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है। हालांकि, भाजपा संगठन के एक आंतरिक सर्वे ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है। पार्टी के आंतरिक सर्वे में पता चला है कि यदि अभी चुनाव हों जाएं तो करीब 50 भाजपा विधायक चुनाव हार जाएंगे। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद भाजपा अब नई रणनीति के साथ काम कर रही है। सत्ताधारी दल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को वोटर्स के घर जाकर चाय पीने के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक BJP के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों को चार टास्क दिए हैं। पहले टास्क में BJP के मंडल स्तर के पदाधिकारियों को 10 दिन में 200 लोगों को फोन कॉल करना है। दूसरे टास्क में बूथ स्तर पर जिन भाजपा समर्थकों या कार्यकर्ताओं के पास बाइक और फोर व्हीलर हैं, उनकी लिस्ट तैयार कर वाहनों पर कमल का निशान बनवाना है। तीसरे टास्क में वोटर्स से डेली कॉन्टैक्ट करने की जिम्मेदारी दी गई है। हर दिन दो वोटर्स के घर चाय पीने जाना होगा। चौथे टास्क में बूथ पर 5 जगह दीवार लेखन कराने को कहा गया है।

BJP के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भोपाल में हुए विधानसभा सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, 'आपके मोबाइल की कॉन्टैक्ट लिस्ट में अगर 500-600 नंबर हैं, तो आपको उनमें से 200 लोगों को 10 दिन में कॉल कर हाल-चाल पूछना है। उनके क्षेत्र में माहौल की जानकारी लेना है। साथ ही उन्हें 20 साल पहले मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह की सरकार और पिछले 15 महीने की कमलनाथ सरकार में हुए भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी को भी याद दिलाना है। कांग्रेस और भाजपा सरकारों की तुलनात्मक स्थिति भी समझानी है। अगर बातचीत में ऐसी कोई जानकारी मिलती है, जो जनता के बीच बड़ा मुद्दा है, तो इसे वरिष्ठ नेताओं को बताएं।

एंटी इनकंबेंसी से जूझ रही बीजेपी ने चुनाव प्रचार के लिए कई तरह की प्लानिंग की है। इस प्लानिंग में सोशल मीडिया से लेकर होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, डिजिटल वॉल पेंटिंग और एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रचार-प्रसार की तैयारी है। बूथ स्तर पर संगठन ने BJP के प्रति माहौल बनाने के लिए एक खास तैयारी शुरू की है। हर बूथ पर 10 मोटरसाइकिल मालिकों की लिस्ट तैयार कराई जाएगी। इनकी बाइक पर BJP का झंडा लगा होगा। औसतन एक विधानसभा में अगर 250 बूथ हैं तो BJP के पास करीब एक विधानसभा में 2750 बाइकधारकों की लिस्ट हर समय उपलब्ध रहेगी। इनके जरिए बड़ी बाइक रैली निकालकर माहौल बनाया जा सकेगा।

भाजपा की रणनीति को लेकर कांग्रेस ने कहा कि इन हथकंडों से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि प्रदेश में आज मजदूर, किसान, छात्र, नौजवान सारे वर्ग के लोग परेशान हैं। दलित, आदिवासी और महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं नहीं थम रही हैं। इस निकम्मी सरकार को जनता की कोई परवाह नहीं है। प्रदेश की जनता अब शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने की संकल्प ले चुकी है। तीन महीने बाद कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बनेंगे और प्रदेश में खुशहाली लाएंगे।