MP Cabinet Expansion : तीसरी बार मंत्री बने बृजेन्द्र प्रताप सिंह

खेल गतिविधियों में विशेष रुचि रखने वाले बृजेन्द्र सिंह की कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी

Publish: Jul 03, 2020, 03:02 AM IST

पन्ना जिले के कद्दावर नेता बृजेन्द्र प्रताप सिंह को शिवराज कैबिनेट में तीसरी बार जगह मिली है। 29 अगस्त 1967 को स्वर्गीय उदयप्रताप सिंह के घर में जन्मे बृजेंद्र समाजिक गतिविधियों में रुचि रखने के साथ ही अनेक समाजिक संगठनों के पदाधिकारी रहे हैं। वह मुख्य रूप से जिले के अमानगंज तहसील अंतर्गत मझगांव सरकार पंचायत के इटोरि गांव के निवासी हैं।

बृजेन्द्र ने 1991 में रीवा स्थित अवधेश प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी से एलएलबी किया है वहीं साल 1998 में उन्होंने राजधानी भोपाल स्थित बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी से बी.कॉम किया है। उन्हें वर्ष 185-86 में डेली कॉलेज इंदौर में सर्वोत्तम छात्र के रूप में सम्मानित किया गया है। खेल गतिविधियों में विशेष रुचि रखने वाले बृजेन्द्र ने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी की है। वह वर्ष 1985-86 में राष्ट्रीय स्तर के सेंट्रल इंडिया स्कॉकस टूर्नामेंट और 1986 में महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित 29वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में शामिल हुए थे जहां उन्हें सर्वश्रेष्ठ व उच्च स्तर के शूटर का प्रमाण पत्र दिया गया था। 

इसके अलावा उन्होंने 1986 में जिला स्तरीय इंदौर फूटबॉल टूर्नामेंट में सर्वोच्च खिलाड़ी का खिताब हासिल किया है। वह 15वीं विधानसभा में पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुये हैं। उन्हें अक्टूबर 2009 में शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल में किसान कल्याण एवं कृषि विकास राज्यमंत्री के रूप में शमिल किया गया था। ठाकुर समुदाय के मतदाताओं पर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है और वे छत्री महासभा जिला पन्ना के उपाध्यक्ष भी हैं। प्रताप के पास करोड़ों की चल अचल संपत्ति है।